महिला वंदन अधिनियम के विरोध पर भाजपा का पलटवार, विपक्ष पर साधा निशाना

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच रुड़की में भाजपा नेताओं ने विपक्ष के विरोध पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला और मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने संयुक्त रूप से विपक्षी दलों पर “महिला विरोधी मानसिकता” का आरोप लगाया। नेताओं ने दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर विपक्ष की नीतियों और बयानों को कटघरे में खड़ा करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण के मुद्दे को टालने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तकनीकी बहानों और समितियों के जरिए इस विषय को लंबित रखा। उनके अनुसार, पंचायत स्तर पर आरक्षण देना कांग्रेस के लिए आसान था क्योंकि वहां उनका राजनीतिक नुकसान नहीं होता था, लेकिन संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को समान अवसर देने से वे बचते रहे। उन्होंने कहा कि आज जब भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है, तो विपक्ष अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख विरोध कर रहा है।
राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला ने विपक्षी दलों पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ दल धर्म आधारित आरक्षण की असंवैधानिक मांग कर महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि जो दल अपने राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पाए, वे अब संसद में महिला हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ‘उत्तर-दक्षिण’ विभाजन का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है, जबकि परिसीमन से सभी राज्यों का प्रतिनिधित्व संतुलित और सुरक्षित रहेगा।
मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने परिसीमन को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों पर स्पष्टता दी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा है, जिसका उद्देश्य केवल सीटों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जनसंख्या के आधार पर संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष तकनीकी मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर महिलाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन आज की जागरूक महिलाएं इस सच्चाई को समझती हैं।
समाजसेविका ममता पंगती ने कहा कि यह विरोध केवल एक विधेयक तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से उपजी राजनीतिक हताशा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के इस ऐतिहासिक कदम को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में केंद्र सरकार के समर्थन में आवाज उठाई और महिला विरोधी ताकतों के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने दोहराया कि पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!