रुड़की के सोत मोहल्ले में खड़ी कार में लगी भीषण आग, कुछ ही मिनटों में बनी आग का गोला

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। शहर के सोत मोहल्ले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया
प्रत्यक्षदर्शी अनस फरीदी और मोनू ने बताया गफुरिया मस्जिद के पास कार सड़क किनारे खड़ी थी जिसमे अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास खड़े लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य वाहनों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यकदर्शी मोनू ने बताया कि यह कार मंगलौर निवासी फहीम की थी, जो अपनी निसान मैग्नेट (UK07 D 3498) को अपने एक दोस्त के घर के बाहर खड़ी करके गए थे। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही कार मालिक फहीम भी मौके पर पहुंचे और अपनी कार की हालत देखकर हैरान रह गए।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कई लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते दमकल विभाग नहीं पहुंचता, तो आग आसपास के घरों और अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अंदाजा शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है की वाहन खड़ा करते समय उसकी स्थिति की जांच करना और किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी को नजरअंदाज न करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!