रोटरी क्लब सेवा भाव के लिए विश्व की सबसे बड़ी संस्था: डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 10 अप्रैल 2026। रोटरी क्लब रुड़की में आज डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजिट के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने कहा कि रोटरी क्लब विश्व की सबसे बड़ी सेवा भाव से कार्य करने वाली संस्था है, जो समाज के अंतिम छोर पर खड़े सबसे कमजोर व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का कार्य करती है।
उन्होंने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल द्वारा पोलियो उन्मूलन, सर्वाइकल कैंसर और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था अपने संसाधनों के माध्यम से जरूरतमंदों तक दवाइयां और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने रोटरी क्लब रुड़की द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब ने क्षेत्र में सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे डॉ. अजय भार्गव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लब रुड़की, डिस्ट्रिक्ट 3080 का एक अग्रणी क्लब है, जो सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने क्लब की टीम भावना और सेवा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्षा रोटे रीना नैथानी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का स्वागत करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रयासरत रहेंगी। वहीं क्लब सचिव रोटे निधि शांडिल्य ने वर्षभर किए गए विभिन्न सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रीत विहार कॉलोनी में एक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश द्वारा किया गया। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटे अल्का मित्तल ने की, जबकि संचालन रोटे पूजा गुप्ता द्वारा किया गया। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने रोटे रीना नैथानी और रोटे वंदना मोहन को पोलारिस पिन पहनाकर सम्मानित किया।
अंत में रोटे गगन सरीन ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्हें दोपहर भोजन के लिए आमंत्रित किया। कार्यक्रम में रोटे सुभाष सरीन, हर्ष प्रकाश काला, राजेश चंद्रा, वीरेंद्र जैन, नीलम शर्मा, मनोज जैन, दिलीप प्रधान, श्रीमती डोभाल, सचिन गुप्ता, स्मिता आर्या सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में आन कैप्टन गौर सिंह भंडारी, आन कैप्टन सुरेंद्र सिंह बिष्ट और पूर्व सैनिक समाजसेवी नंदन सिंह रावत भी शामिल रहे।






