कलियर में BJP का दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न, कार्यकर्ताओं को मिला संगठन का मंत्र

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
कलियर विधानसभा में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न, संगठनात्मक मजबूती पर दिया जोर
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” के अंतर्गत कलियर विधानसभा के तीनों मंडलों—इमली खेड़ा, पतंजलि और सुभाष नगर—का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग श्री ओम विश्वविद्यालय, रुड़की में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने किया।

दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, विचारधारा, पार्टी इतिहास और आधुनिक राजनीतिक कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कुल सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें अलग-अलग विषयों पर वरिष्ठ नेताओं और वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
पहले दिन के सत्रों में “वैचारिक अधिष्ठान”, “भाजपा का इतिहास एवं विकास” और “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि” जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। इमली खेड़ा मंडल में महेन्द्र भट्ट, पतंजलि मंडल में डॉ. सौरभ गुप्ता और सुभाष नगर मंडल में कुंदन परिहार ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मूल्यों की जानकारी दी। वहीं दूसरे सत्र में आदित्य चौहान, कुंदन परिहार और अन्य वक्ताओं ने भाजपा के विकास और विस्तार पर प्रकाश डाला।
दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं कुलाधिपति मुनीश सैनी ने सभी अतिथियों का स्वागत शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। दूसरे दिन के सत्रों में “हमारी कार्य पद्धति”, “सरकारों की उपलब्धियां एवं क्रियान्वयन”, “सोशल मीडिया एवं एआई का उपयोग” और “बूथ प्रबंधन” जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
सरकार की उपलब्धियों पर आयोजित सत्र में त्रिवेन्द्र सिंह रावत, प्रदीप बत्रा और अन्य नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के तरीकों पर जोर दिया। सोशल मीडिया सत्र में कार्यकर्ताओं को नमो ऐप, सरल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे संगठन की पहुंच और मजबूती बढ़ाई जा सके।
अंतिम सत्र में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने बूथ प्रबंधन और संगठन विस्तार पर विस्तृत मार्गदर्शन देते हुए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना की। कलियर विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक प्रत्याशी मुनीष सैनी ने कहा कि “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है। इस प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के मूल सिद्धांतों को गहराई से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाते हैं। मुनीष सैनी ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता आगामी समय में पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
इस प्रशिक्षण शिविर में तीनों मंडलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठनात्मक कार्यशैली के विभिन्न पहलुओं को सीखा। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, सागर गोयल, सुशील रावत, संदीप पुरी, गौरव मोहन सैनी,राजीव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ।






