कलियर की ग्रीनवेली कॉलोनी में डॉक्टर के बंद मकान पर चोरों का धावा, लाखों की नगदी और ज्वैलरी पर किया हाथ साफ

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

कलियर थाना क्षेत्र की ग्रीनवेली कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान में धावा बोलकर लाखों रुपये की नगदी और ज्वैलरी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रीनवेली कॉलोनी निवासी डॉ. अखिल विश्वास का परिवार शहर से बाहर अपने रिश्तेदारों के यहां गया हुआ है। डॉ. विश्वास कलियर में ही अपना क्लिनिक संचालित करते हैं और परिवार के बाहर होने के कारण वह घर में अकेले रह रहे थे। घटना वाले दिन वह सुबह घर का ताला लगाकर क्लिनिक के लिये निकल गए जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे की खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल को तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी को निशाना बनाते हुए उसका लॉकर खोलकर लॉकर में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नगदी और कीमती ज्वैलरी चोर अपने साथ ले गए। चोरी के दौरान घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया, जिससे साफ है कि चोरों ने आराम से घर की तलाशी ली।
हैरानी की बात यह रही कि चोर जल्दबाजी में दो गैस सिलेंडर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी आहट या खतरे का एहसास होने पर वे जल्दी में भागे होंगे।
घटना का खुलासा तब हुआ जब डॉ. अखिल विश्वास अपने दोस्त को रोड़वेज बस स्टैंड छोड़ने के लिये उसका सामान लेने घर लौटे। उन्होंने जैसे ही मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया, उन्हें कुछ संदिग्ध आहट सुनाई दी। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर खुला हुआ था। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत धनौरी चौकी में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!