होटल में प्रेमी युगल के मिलने पर हंगामा, पुलिस और भाजपा नेता दानिश गौड़ के हस्तक्षेप पर निकाह के बाद शांत हुआ विवाद

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक होटल में प्रेमी युगल के पकड़े जाने की सूचना पर दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया और होटल परिसर में जमकर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवती सुबह घर से किसी काम का बहाना बनाकर निकली थी, लेकिन बाद में वह रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में युवक के साथ देखी गई। इसकी जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन तुरंत होटल पहुंच गए, जहां कहासुनी ने जल्द ही विवाद का रूप ले लिया।
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों को अपनी सुरक्षा में लेकर कोतवाली पहुंचाया। इस दौरान कोतवाली के बाहर भी दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और तनाव बना रहा। सड़क पर बढ़ते हंगामे को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
मामले को शांत कराने में स्थानीय स्तर पर भी पहल की गई। सरकड़ी गांव निवासी भाजपा नेता दानिश गौड़ मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की। काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों परिवार समझौते के लिए तैयार हो गए। इसके बाद परिजनों की सहमति से प्रेमी युगल को एक स्थानीय मस्जिद ले जाया गया, जहां आपसी रजामंदी से उनका निकाह संपन्न कराया गया।
निकाह के बाद दोनों पक्षों के बीच का तनाव पूरी तरह समाप्त हो गया और माहौल शांतिपूर्ण हो गया। पुलिस ने भी राहत की सांस ली। इस घटना ने जहां एक ओर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती पैदा की, वहीं दूसरी ओर आपसी समझदारी और सामाजिक हस्तक्षेप से मामला सुलझने का उदाहरण भी पेश किया।  भाजपा नेता दानिश गौड़ ने कहा कि यह मामला संवेदनशील था, जिसमें दोनों परिवारों की भावनाएं जुड़ी हुई थीं। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता विवाद को बढ़ने से रोकना और शांतिपूर्ण समाधान निकालना था। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें आपसी सहमति और समझदारी का रास्ता अपनाने के लिए प्रेरित किया। दानिश गौड़ ने कहा कि समाज में ऐसे मामलों को संयम और संवाद के जरिए सुलझाना जरूरी है। उन्होंने पुलिस की तत्परता की भी सराहना की और कहा कि सभी के सहयोग से स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित कर लिया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!