रुड़की के नारायण नगर आसफनगर में 10वां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भव्य रूप से सम्पन्न,चेरब जैन द्वारा लगाये गये शिविर में सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चेरब जैन द्वारा नारायण नगर आसफनगर में दसवें निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।


शिविर का शुभारंभ करते हुए चेरब जैन ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और इसी उद्देश्य के साथ वे लगातार समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह उनका दसवां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर है और आगे भी यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा। उनका लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
शिविर में अनुभवी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा मरीजों की जांच की गई। मरीजों को जनरल फिजिशियन, दंत रोग, स्त्री रोग और बाल रोग विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया गया। इसके साथ ही बीपी और शुगर की जांच, मोतियाबिंद की स्क्रीनिंग तथा नजदीकी चश्मे भी निशुल्क उपलब्ध कराए गए। मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयां भी पूरी तरह मुफ्त वितरित की गईं, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।
चेरब जैन ने कहा कि इस तरह के शिविरों का मुख्य उद्देश्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि बीमारियों की समय रहते पहचान कर उन्हें बढ़ने से रोकना भी है। उन्होंने बताया कि कई लोग आर्थिक रूप से कमजोर होने या दूरी के कारण बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते, ऐसे में यह शिविर उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता, संस्कृति एवं शिक्षा से संबंधित अधिकारों और संवैधानिक उपचारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों को संविधान का पालन करने, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करने जैसे कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया।
शिविर में महिलाओं और बच्चों की भागीदारी विशेष रूप से अधिक रही, जो समाज में बढ़ती स्वास्थ्य जागरूकता को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान चेरब जैन ने क्षेत्र के बुजुर्गों और गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया, जिनसे उन्हें आशीर्वाद प्राप्त हुआ। वहीं बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान खिल गयी।
यह निशुल्क स्वास्थ्य शिविर न केवल चिकित्सा सुविधा प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और सेवा भाव को बढ़ावा देने का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण बना।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!