रुड़की के लिटिल जीनियस स्कूल में अनोखा ईद सेलिब्रेशन,बच्चों की मस्ती और डांस ने जीता सबका दिल

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। देशभर में अक्सर नेताओं और सामाजिक संगठनों के ईद मिलन कार्यक्रम देखने को मिलते हैं, लेकिन बच्चों द्वारा मनाया गया ऐसा ईद मिलन सेलिब्रेशन शायद ही आपने देखा होगा। रुड़की के सिविल लाइन स्थित लिटिल जीनियस स्कूल में ईद मिलन का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस खास आयोजन ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पूरे जोश के साथ मस्ती की और एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटी। ईद मिलन के इस आयोजन में बच्चों ने गीत गाकर और रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल हरभजन कौर ने बच्चों को मिठाइयां, ग्रीटिंग कार्ड और उपहार वितरित किए। इससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनका उत्साह और भी बढ़ गया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।
गौरतलब है कि लिटिल जीनियस स्कूल में केवल ईद ही नहीं, बल्कि सभी प्रमुख त्योहार जैसे गुरु पर्व, दिवाली, दशहरा, होली और क्रिसमस भी हर साल धूमधाम से मनाए जाते हैं। स्कूल का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न संस्कृतियों और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना और उनमें आपसी भाईचारे की भावना विकसित करना है।


कार्यक्रम में स्कूल की सभी शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बच्चों का हौसला बढ़ाया। गीता सचदेवा, तनुजा कश्यप, आशु मैडम और शिवानी मैडम ने बच्चों के साथ नृत्य कर इस आयोजन को और भी खास बना दिया। शिक्षिकाओं की भागीदारी से बच्चों में आत्मविश्वास और उत्साह का स्तर और ऊंचा हुआ।
ईद मिलन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द का संदेश देना था। इस दौरान सभी बच्चों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी और मिलकर खुशियां मनाईं। खास बात यह रही कि बच्चों के फाइनल एग्जाम एक दिन पहले ही समाप्त हुए थे, ऐसे में इस आयोजन ने बच्चों को मानसिक रूप से राहत देने और उनका मनोबल बढ़ाने का काम किया। कार्यक्रम के माध्यम से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया गया।

अंत में प्रिंसिपल हरभजन कौर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी एक हैं और हमें हमेशा मिल-जुलकर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अल्लाह, भगवान और वाहेगुरु ने हम सभी को एक जैसा बनाया है, इसलिए हमें आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ जीवन जीना चाहिए।







