विधायक प्रदीप बत्रा की पहल पर खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, छह दिन बाद पटरी पर लौटेगी सफाई व्यवस्था

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। नगर निगम रुड़की के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार छह दिन बाद समाप्त हो गई। कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रही इस हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई थी। शहर के कई मोहल्लों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर कूड़े के ढेर लग गए थे, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार बढ़ती गंदगी के कारण लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही थी और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ने लगी थीं।

हड़ताल खत्म कराने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मेयर अनीता अग्रवाल, नगर आयुक्त राकेश तिवारी, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल और अन्य अधिकारियों ने कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की वार्ता की। बताया गया कि पिछले छह दिनों के दौरान करीब पांच से छह बार वार्ता हुई, लेकिन शुरुआती बैठकों में किसी भी प्रकार की सहमति नहीं बन पाई। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वे हड़ताल जारी रखेंगे।
इस बीच रविवार को रुड़की के नगर विधायक प्रदीप बत्रा गैरसैंण में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र से लौटने के बाद इस पूरे मामले में सक्रिय हुए। उन्होंने कर्मचारियों और नगर निगम प्रशासन के बीच बातचीत कराकर समाधान निकालने की पहल की। विधायक की मौजूदगी में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने और काम पर वापस लौटने का निर्णय लिया। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि कर्मचारियों की जो मांगें नगर निगम स्तर की हैं, उन्हें आगामी नगर निगम बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा और उनका समाधान किया जाएगा। वहीं जो मांगें शासन स्तर से संबंधित हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए 11 दिन का समय तय किया गया है और उन्हें राज्य सरकार की कैबिनेट में रखने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान होना जरूरी है। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य बनाने में सहयोग करें।जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होना शहर के लिए राहत की बात है। उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए सभी पक्षों ने सकारात्मक पहल की है। अब नगर निगम को प्राथमिकता के आधार पर शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द पूरी तरह सामान्य करना चाहिए।बैठक में मेयर अनीता अग्रवाल, नगर आयुक्त राकेश तिवारी, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल सहित कई पार्षद और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने शहर में तेजी से सफाई अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शहर से कूड़े के ढेर हटाकर सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से सामान्य कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिल सके।






