होली के रंगों की तरह जीवन को इन्द्रधनुषी बनाएं और खुशियों से भरें – इजि राकेश गर्ग

(व्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 14 मार्च 2026। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा द्वारा वर्ष 2025-26 की अंतिम कार्यकारिणी बैठक के साथ आमसभा एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन रुड़की के एक होटल में किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों ने होली के रंगों की तरह जीवन को खुशियों से भरने का संदेश देते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्वक होली का त्योहार मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाखा के अध्यक्ष इंजीनियर राकेश गर्ग ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और खुशियां बांटने का प्रतीक है। हमें अपने जीवन को भी होली के रंगों की तरह इन्द्रधनुषी बनाकर हंसी-खुशी और सकारात्मकता के साथ जीना चाहिए। उन्होंने बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नए पदाधिकारियों के चयन और परिषद की आगामी गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।
आमसभा के दौरान शाखा के सचिव विशाल गोयल ने सदस्यों के जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. मधुराका सक्सेना और डॉ. अजय सक्सेना को उनके वैवाहिक जीवन के स्वर्ण जयंती वर्ष पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी के चयन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार जैन ने प्रांतीय पर्यवेक्षक प्रीति अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई। सर्वसम्मति से इंजीनियर राकेश गर्ग को पुनः अध्यक्ष, सोनम कर्माकर को सचिव और मनोहर अरोड़ा को कोषाध्यक्ष चुना गया। पर्यवेक्षक प्रीति अग्रवाल ने समर्पण शाखा में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न होने पर सभी सदस्यों और चुनाव समिति को बधाई दी तथा भविष्य में परिषद को और मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
चुनाव प्रक्रिया के बाद आयोजित होली मिलन समारोह ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम की प्रभारी बीना सिंह और उनकी टीम ने डॉ. मधुराका सक्सेना के मंच संचालन में हास्य-व्यंग्य और संगीत से भरपूर रंगारंग प्रस्तुतियां आयोजित कीं। कार्यक्रम की शुरुआत पुरुष मंडली द्वारा वंदे मातरम गीत से की गई। इसके बाद वीना सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में अंजुल चंद्रा ने होली गीत प्रस्तुत किया, जबकि डॉ. अजय भार्गव और रमा भार्गव की जोड़ी ने युगल गीत से समा बांध दिया। वेनू मोहन ने क्लासिकल होली गीत प्रस्तुत किया। नन्ही अलखनंदिनी ने अपने नृत्य से सभी का मन मोह लिया। डॉ. सुधीर चौधरी ने “होली खेले रघुवीर अवध में” गीत पर अपनी प्रस्तुति दी, जबकि दिलीप प्रधान ने भोजपुरी होली गीत से कार्यक्रम में रंग भर दिए।
डॉ. प्रदीप रस्तोगी ने हास्य-व्यंग्य कविताओं से सभी को खूब गुदगुदाया। इसके अलावा कैनिथ ने फिल्मी गीत, दिव्या गुप्ता ने नारी शक्ति पर आधारित नृत्य, सोमेन कर्माकर ने गीत, पूजा-प्राची और अनुष्का शर्मा ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। मोनिका और दीप्ति की हास्य नाटिका ने दर्शकों को खूब हंसाया।
लगभग तीन घंटे तक चले इस होली मिलन समारोह में परिषद के सदस्यों ने रंग, संगीत और हास्य के साथ होली का उत्सव मनाया और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और इसी उत्साह के साथ समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।






