केदारनाथ से कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को निकालने का संकल्प, हरिद्वार में बोले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

(व्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य की समस्याओं को चुन-चुनकर समाप्त करने का कार्य कर रहे हैं और उत्तराखंड अब तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संदर्भ से करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं को अपनी पहचान और संस्कृति बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ा और उन्हें रामपुर तिराहा कांड जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे नए राज्यों का गठन कर विकास की नई राह खोली। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को संवारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री ने नई न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों के समय के पुराने कानूनों को बदलकर देश में आधुनिक और वैज्ञानिक न्याय व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2028 तक नई न्याय संहिता पूरी तरह लागू हो जाएगी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज होने से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फैसला आने में अधिकतम तीन वर्ष का समय लगेगा।
उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत भारत की नागरिकता प्राप्त करने वाले शरणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को भारत में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी विरोध के बावजूद ऐसे लोगों को नागरिकता देने के अपने निर्णय पर अडिग है।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनमें धारा 370 हटाना, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक का विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में नकल विरोधी कानून लागू होने से युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार मिल रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सरकार केदारनाथ से कन्याकुमारी तक देश से घुसपैठियों को बाहर करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य में 10 हजार एकड़ सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए मुख्यमंत्री धामी की सराहना की और समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के फैसले को भी ऐतिहासिक बताया।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरिद्वार आगमन राज्य के लिए प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास कर रहा है और सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देकर प्रदेश को नए आयाम दे रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें स्वामी विवेकानंद द्वारा लिखित पुस्तक ‘राजयोग’ भेंट की। भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि हरिद्वार में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है और उत्तराखंड विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!