रुड़की में रमजान के तीसरे जुमा पर अकीदत के साथ अदा हुई नमाज, मुल्क की खुशहाली व अमन-चैन की मांगी दुआ

(ब्योरो दिलशाद खान ।KNEWS18)

रुड़की में रमजान के तीसरे जुमा पर अकीदत के साथ अदा हुई नमाज, मुल्क की खुशहाली व अमन-चैन की मांगी दुआ
रुड़की। पवित्र माह रमजान-उल-मुबारक के तीसरे जुमा की नमाज रुड़की नगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। इस अवसर पर रोजेदारों ने अल्लाह की इबादत करते हुए देश की खुशहाली, अमन-चैन और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने जुमा की नमाज अदा की।
रुड़की नगर की प्रमुख जामा मस्जिद में जुमा की नमाज मुफ्ती मोहम्मद सलीम ने अदा कराई। नमाज से पूर्व तकरीर करते हुए मदरसा रहमानिया के प्रधानाचार्य मौलाना अजहर उल हक ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रोजा रखने से इंसान के मन और शरीर दोनों का शुद्धिकरण होता है। रमजान का महीना सब्र, इबादत और आत्मसंयम का संदेश देता है। इस पाक महीने में इंसान अल्लाह को याद करने के साथ-साथ अपनी इच्छाओं पर नियंत्रण रखते हुए पूरे महीने इबादत करता है।
मौलाना अजहर उल हक ने कहा कि रमजान के दिनों में हर रोजेदार अल्लाह के और करीब हो जाता है। इसलिए इस महीने में मुसलमान पांचों वक्त की फर्ज नमाज के साथ-साथ तरावीह की नमाज भी अदा करते हैं। उन्होंने बताया कि नमाज और इबादत से इंसान के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और यह एक प्रकार की आध्यात्मिक और शारीरिक साधना भी है।
उन्होंने कहा कि रोजा हमें इंसानियत का पाठ पढ़ाता है और दूसरों की मदद करने की भावना को मजबूत करता है। रमजान के महीने में रोजेदार गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता करते हैं तथा दान-पुण्य के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इसके साथ ही रोजेदार रोजा इफ्तार के अवसर पर विभिन्न धर्मों से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित करते हैं, जिससे समाज में आपसी भाईचारा और एकता का संदेश फैलता है।
जुमा की नमाज के अवसर पर जामा मस्जिद और अन्य मस्जिदों में बड़ी संख्या में रोजेदारों की भीड़ उमड़ी। इस मौके पर मौलाना अरशद कासमी, मौलाना मोहम्मद हारुन, कारी नफीस अहमद, मौलाना मोहम्मद यूसुफ, कारी जाकिर हुसैन, कारी कलीमुद्दीन, कारी मोहम्मद जफर, हाफिज अशरफ हुसैन, कारी सरफराज अली, मोहम्मद मोफीक, अफजल मंगलौरी, हाजी मोहम्मद सलीम खान, हाफिज मोहम्मद वसीम, हाजी मोहम्मद मुस्तकीम, कारी एहतेशाम, कारी कलीम अहमद, हाजी नौशाद अहमद, इमाम नदीम उल हक, शेख अहमद जमां, इमरान देशभक्त, एडवोकेट कौसर सिद्दीकी, हाजी गुलफाम अहमद, अता उर्रहमान अंसारी, अलीम सिद्दीकी, मकसूद हसन, सैयद नफीसुल हसन, मोहम्मद जहांगीर, बिट्टन त्यागी, सलमान फरीदी सहित बड़ी संख्या में रोजेदार मौजूद रहे।
वहीं नगर निगम की ओर से भी जामा मस्जिद सहित नगर की सभी प्रमुख मस्जिदों और मुस्लिम बहुल मोहल्लों में विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था कराई गई, ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रमजान के तीसरे जुमा के अवसर पर शहर का माहौल पूरी तरह इबादत, भाईचारे और आध्यात्मिक भावना से सराबोर नजर आया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!