फायर स्टेशन रुड़की द्वारा हाइड्रेंट चेकिंग अभियान, होली से पहले सुरक्षा तैयारियां तेज

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 01 मार्च 2026। आगामी होली पर्व एवं ग्रीष्म ऋतु (फायर सीजन) के मद्देनजर शहर में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए फायर स्टेशन रुड़की की टीम ने व्यापक हाइड्रेंट चेकिंग अभियान चलाया। यह निरीक्षण श्रीमान उच्च अधिकारियों के आदेश-निर्देश के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में संपन्न कराया गया।
अभियान के दौरान फायर स्टेशन रुड़की की टीम ने जल संस्थान रुड़की के सहयोग से क्षेत्र अंतर्गत स्थापित फायर हाइड्रेंटों का भौगोलिक दृष्टि से निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा अकार्यशील हाइड्रेंटों की पहचान कर उन्हें शीघ्र दुरुस्त कराना रहा।
अग्निशमन विभाग के अनुसार होली जैसे पर्वों में रंग, अबीर-गुलाल के साथ कई स्थानों पर होलिका दहन एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें आग लगने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा ग्रीष्म ऋतु में तापमान बढ़ने से आग की घटनाओं में इजाफा होने की संभावना रहती है। ऐसे में शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे फायर हाइड्रेंटों का सुचारु रूप से कार्य करना अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान निम्न फायर हाइड्रेंट कार्यशील पाए गए—
रुड़की टॉकीज, सिविल लाइन क्षेत्र
आवास विकास, कोतवाली निकट तिकोना पार्क, गंगनहर क्षेत्र
रिक्शा स्टैंड, चंद्रपुरी, गंगनहर क्षेत्र
नेहरू स्टेडियम के पास सड़क किनारे, गंगनहर क्षेत्र
गांधी वाटिका, फायर स्टेशन रुड़की के निकट
विश्वकर्मा चौक, गंगनहर क्षेत्र
वहीं कुछ स्थानों पर हाइड्रेंट अकार्यशील पाए गए, जिनकी सूची निम्न है—
एसडीएम चौक, रोडवेज, थाना सिविल लाइन क्षेत्र
डमडम चौक, खंजरपुर, गंगोत्री भवन सिंचाई विभाग कार्यालय रोड, सिविल लाइन क्षेत्र
होटल बादशाह के निकट, चौकी सौत-बी एवं कन्या जूनियर हाईस्कूल के पास
अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अकार्यशील पाए गए हाइड्रेंटों के संबंध में जल संस्थान एवं उच्च अधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा और उन्हें शीघ्र ही ठीक कराने की कार्यवाही की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की बाधा न आए।
फायर विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि होली पर्व के दौरान सावधानी बरतें, ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा किसी भी प्रकार की आग लगने की घटना की सूचना तुरंत फायर स्टेशन को दें।
इस निरीक्षण अभियान से स्पष्ट है कि फायर विभाग शहरवासियों की सुरक्षा के प्रति सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। समय रहते की गई यह तैयारी किसी भी संभावित दुर्घटना को टालने में अहम भूमिका निभा सकती है।






