कोतवाली गंगनहर पुलिस को मिली बड़ी सफलता,24 घंटे के भीतर 6 टायरा ट्रक चोरी का आरोपी गिरफ्तार

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए छः टायरा ट्रक चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी गया ट्रक बरामद करते हुए मंगलौर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से मैकेनिक बताया जा रहा है, जिसने ट्रक को काटने की योजना भी बनाई थी। मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 फरवरी 2026 को थाना भगवानपुर क्षेत्र के हबीबपुर निवादा निवासी सतीश कुमार ने कोतवाली गंगनहर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनका 06 टायरा ट्रक अज्ञात चोर द्वारा रात के समय चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 0079/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अलग-अलग टीमों का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से ट्रक की तलाश तेज कर दी।
सालियर अंडरपास से बरामद हुआ ट्रक
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 24 फरवरी 2026 को सालियर अंडरपास के पास से चोरी गया ट्रक बरामद कर लिया। मौके से एक संदिग्ध युवक को भी हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान विजय कुमार (20 वर्ष) पुत्र विपिन कुमार निवासी कुमराड़ी मस्जिद के पास, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
जीपीएस डिवाइस हटाने की कोशिश
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पेशे से मैकेनिक है और ट्रक चोरी करने के बाद उसे काटने की योजना बना रहा था। उसने ट्रक में लगी जीपीएस डिवाइस हटाने की भी कोशिश की, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैक न कर सके। हालांकि, नशे की हालत में होने के कारण वह जीपीएस डिवाइस को पूरी तरह हटाने में सफल नहीं हो पाया, जिससे पुलिस को वाहन की लोकेशन ट्रेस करने में मदद मिली।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि कर दी है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार अली, कांस्टेबल नितिन, कांस्टेबल लाल सिंह एवं कांस्टेबल पवन की अहम भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।






