February 22, 2026

चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे शातिर, बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना — गोदरेज अलमारी से उड़ाए सोने-चांदी के जेवर

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में चाबी बनाने के बहाने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मध्यप्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार चल रहा है।

बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 फरवरी 2026 को कोतवाली रानीपुर में संदीप धीमान पुत्र स्व. राधेश्याम धीमान निवासी Q-64, शिवालिक नगर, रानीपुर हरिद्वार ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय उनकी बुजुर्ग माताजी ने गोदरेज अलमारी की चाबी बनवाने के लिए दो व्यक्तियों को घर बुलाया था। आरोपियों ने चाबी बनाने का झांसा देकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 45/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
सबूतों के सहारे मध्यप्रदेश तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस 20 फरवरी 2026 को मध्यप्रदेश के धार जिले पहुंची और आरोपी गोविंद छाबड़ा पुत्र दलबीर छाबड़ा निवासी ग्राम बारिया थाना गंधवानी जिला धार (मध्यप्रदेश), उम्र 25 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पीली धातु की अंगूठी बरामद की है।
पूछताछ में खुलासा, साला फरार
गिरफ्तार आरोपी गोविंद छाबड़ा ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साले के साथ कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश से हरिद्वार आया था। दोनों ने शिवालिक नगर स्थित घर में चाबी बनाने का बहाना कर अलमारी से जेवर चोरी किए और उसके बाद मध्यप्रदेश लौट गए। आरोपी ने खुलासा किया कि बरामद अंगूठी के अलावा अन्य आभूषण उसके साले के पास हैं।
पुलिस टीम ने जब उसके साले के घर पर दबिश दी तो छापेमारी की भनक लगते ही वह परिवार सहित फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस टीम की सक्रियता से मिली सफलता
मामले में पुलिस ने धारा 317(2), 332(ग), 334(1) एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा, उपनिरीक्षक विकास रावत (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), कांस्टेबल दीप गौड़, कांस्टेबल गंभीर तोमर, कांस्टेबल सुमन डोबाल के साथ सीआईयू टीम के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम की अहम भूमिका रही।
रानीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां एक आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचा है, वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान कारीगर को घर में बुलाने से पहले उसकी पूरी जानकारी और पहचान सुनिश्चित कर लें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!