February 14, 2026

रुड़की के Pinewood Global School में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, राज्य मंत्री सुनील कुमार सैनी ने किया उद्घाटन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। सत्ती मोहल्ला स्थित पाइनवुड ग्लोबल स्कूल में शनिवार को भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सुनील कुमार सैनी द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन द्वारा राज्य मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में पहुंचे राज्य मंत्री सुनील कुमार सैनी ने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता व वैज्ञानिक सोच की जमकर सराहना की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पाइनवुड ग्लोबल स्कूल में आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सुंदर और प्रेरणादायक है। यहां आकर बच्चों की प्रतिभा देखकर मन प्रसन्न हो गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्य मंत्री ने स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर साजिद अली एडवोकेट की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे रुड़की में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षिकाओं की भी सराहना की और कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे शिक्षकों का विशेष योगदान होता है। शिक्षिकाएं विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।


विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और पर्यावरण विज्ञान से संबंधित विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए। कक्षा 7 की एक छात्रा ने बताया कि उसने टेलिस्कोप और ग्लोबल वर्ल्ड का प्रोजेक्ट तैयार किया है। उसने कहा कि शिक्षिका के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से वह यह कार्य सफलतापूर्वक कर पाई। वहीं एक अन्य छात्रा ने “फंडामेंटल प्राइड ऑफ कॉन्स्टिट्यूशन” विषय पर प्रोजेक्ट तैयार किया, जिसमें टीमवर्क और विद्यालय के सहयोग की भूमिका को दर्शाया गया। छात्रा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कानून सभी के लिए समान है।
शिक्षिका अनम ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों को विज्ञान के विभिन्न पहलुओं से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को निखारना है। इस मौके पर शेरोज़,अरशी खान, डिम्पल कालरा, सदफ और अक्सा खान ने भी छात्रों का होंसला बढ़ाया और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे। अभिभावक समीर अहमद ने कहा कि बच्चों ने बेहद मेहनत से अपने प्रोजेक्ट तैयार किए हैं और इसमें शिक्षिकाओं का अहम योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन बच्चों को भविष्य में वैज्ञानिक, डॉक्टर और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेंगे।
कुल मिलाकर, पाइनवुड ग्लोबल स्कूल की यह विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन रही, जिसने सभी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!