February 11, 2026

रुड़की में श्री साईं सेवा मण्डल का 10वां रक्तदान शिविर सफल, विधायक प्रदीप बत्रा और पूर्व मेयर ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। सामाजिक सेवा और मानव कल्याण की भावना को साकार करते हुए चावमंडी स्थित गौशाला परिसर में श्री साईं सेवा मण्डल ट्रस्ट (रजि०), रुड़की द्वारा 10वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और शिविर के दौरान कुल 117 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जो गंभीर रोगियों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक सिद्ध होगा।


शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मान स्वरूप सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा एवं श्री साईं सेवा मण्डल ट्रस्ट की पूरी टीम ने रक्तदाताओं को सर्टिफिकेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन स्थल पर सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का सकारात्मक वातावरण बना रहा, जिससे समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है और इससे अनेक जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि रक्तदान को अपनी नियमित आदत बनाएं और समाज सेवा में आगे आएं। विधायक ने श्री साईं सेवा मण्डल ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय है और लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों की सहायता कर रहा है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने ट्रस्ट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री साईं सेवा मण्डल ट्रस्ट द्वारा लगातार 100 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र करना टीम की मेहनत, अनुशासन और सेवा भाव को दर्शाता है। यह कार्य पूरी टीम के समर्पण का परिणाम है।
मदर टेरेसा हॉस्पिटल की डॉ. नीलिमा सैनी ने बताया कि यह ट्रस्ट का 10वां रक्तदान शिविर है, जिसे लेकर लोगों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में नया रक्त बनता है, जो स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है, इसलिए सभी को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने कहा कि ऐसे रक्तदान शिविर समाज में सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। व्यापार मंडल भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक आयोजनों में सहयोग करता रहेगा।
इस अवसर पर चैम्पियन सूरज रॉड, श्री साईं सेवा मण्डल अध्यक्ष पारस सोई, महासचिव खुशहाल मिगलानी, कोषाध्यक्ष नितिन चौहान, मुख्य सदस्य जीतेश ग्रोवर सहित ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्री साईं सेवा मण्डल ट्रस्ट की पूरी टीम का योगदान सराहनीय रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!