February 4, 2026

विकसित भारत (VB–GRAM) अभियान के तहत भगवानपुर में किसान चौपाल, किसानों से सीधा संवाद कर सुनी गईं समस्याएं

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शहीद स्मारक, कुँजा बहादुरपुर में विकसित भारत (VB–GRAM) अभियान के अंतर्गत एक भव्य किसान चौपाल बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। किसान चौपाल का मुख्य उद्देश्य किसानों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याओं को सीधे सुनना और समाधान की दिशा में ठोस पहल करना रहा।
इस किसान चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री नरेश बंसल जी ने सहभागिता की। उनके साथ राज्य मंत्री श्री शोभाराम प्रजापति जी तथा राज्य मंत्री श्री देशराज कर्णवाल जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री पवन तोमर जी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री सुशील त्यागी जी, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा श्री गौरव कौशिक जी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सुश्री रोमा सैनी जी, मंडल अध्यक्ष श्री संदीप रघुवंशी जी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और क्षेत्र के प्रमुख लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री नरेश बंसल जी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का अन्नदाता किसान आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें सीधा लाभ पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
राज्य मंत्री श्री शोभाराम प्रजापति जी और श्री देशराज कर्णवाल जी ने भी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों की हर समस्या को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि चाहे सिंचाई की समस्या हो, फसल बीमा हो या समर्थन मूल्य से जुड़ा विषय, सभी मुद्दों पर सरकार निरंतर प्रयास कर रही है ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
किसान चौपाल के दौरान किसानों ने खुलकर अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं रखीं। किसानों ने सिंचाई व्यवस्था, खाद-बीज की समय पर उपलब्धता, फसल बीमा के भुगतान में देरी, मंडियों में उचित मूल्य और ग्रामीण सड़कों जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने किसानों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और कई मुद्दों पर मौके पर ही समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की चौपालें सरकार और किसानों के बीच संवाद का मजबूत माध्यम हैं। इससे न केवल जमीनी स्तर की समस्याएं सामने आती हैं, बल्कि किसानों में विश्वास भी बढ़ता है। किसान चौपाल का समापन विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और किसानों के हित में मिलकर कार्य करने के संदेश के साथ हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!