February 4, 2026

ढंडेरा में डॉ. भीमराव अम्बेडकर मार्ग का भव्य शुभारंभ, चेयरमैन सतीश नेगी ने किया उद्घाटन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। नगर पंचायत ढंडेरा में शनिवार को सामाजिक समरसता और समानता के प्रतीक डॉ. भीमराव अम्बेडकर मार्ग का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत ढंडेरा के अध्यक्ष सतीश नेगी ने फीता काटकर मार्ग का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन सतीश नेगी ने कहा कि भारत को संविधान देने वाले डॉ. भीमराव अम्बेडकर केवल किसी एक वर्ग या समाज के नेता नहीं थे, बल्कि वे पूरे देश के लिए सम्मान और प्रेरणा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर अपने ज्ञान, संघर्ष और आत्मविश्वास के बल पर विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। आज की युवा पीढ़ी और कमजोर वर्गों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। डॉ. अम्बेडकर का जीवन संदेश देता है कि शिक्षा और संघर्ष से समाज में परिवर्तन लाया जा सकता है।
इस अवसर पर सभासद पति सोनू पार्टी ने कहा कि वर्ष 1994 में तत्कालीन एसडीएम बोबडे द्वारा गांव में डॉ. भीमराव अम्बेडकर मार्ग की नींव रखी गई थी, लेकिन आज इसे विधिवत पहचान और सम्मान मिला है। यह मार्ग आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहेब के विचारों और संघर्ष की याद दिलाता रहेगा।
पूर्व प्रमुख एवं बसपा नेता योगेश कुमार ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने अपना पूरा जीवन शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उन्होंने संविधान में सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देकर एक मजबूत लोकतंत्र की स्थापना की। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को सही दिशा दिखाते हैं।
डॉ. अम्बेडकर मार्ग पर द्वार लगवाने में अहम भूमिका निभाने वाले सचिन सिंघवाल, जितेंद्र जगदीश और धीरज ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं।
संत रविदास मंदिर समिति ढंडेरा के प्रधान मुकेश भगत ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर मार्ग की विधिवत शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस कार्य में योगदान देने वाले सभी जिम्मेदार लोगों और समाजसेवियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मार्ग सामाजिक चेतना और समानता का प्रतीक बनेगा।
कार्यक्रम में सभासद सोनू पार्टी, विजय सिंह पंवार, कुंवर सिंह डंगवाल, गोविंद चन्ना, विकास पाल, अभिषेक पाल, अजगर, दिनेश नेगी, मोहित कुमार, शहाबुद्दीन, विक्रांत फोर, पूर्व प्रधान यशपाल, पूर्व प्रधान अनिल, कर्म, सुनील भगत, अमन नारिया, पप्पू, विक्रांत, नदीम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने और समाज में समानता व भाईचारे को मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!