February 4, 2026

फायर स्टेशन रुड़की ने छात्रों को सिखाए अग्नि सुरक्षा के गुर, एलपीजी गैस दुर्घटनाओं से बचाव पर दिया विशेष प्रशिक्षण

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की।फायर स्टेशन रुड़की, जनपद हरिद्वार द्वारा दिनांक 28 जनवरी 2026 को श्रीमान उच्च अधिकारियों के आदेश एवं निर्देशों के अनुपालन में एक व्यापक जनजागरण अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत फायर स्टेशन रुड़की की टीम शिवालिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लणढोरा पहुंची, जहां विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना रहा। फायर स्टेशन की टीम ने प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों की उपयोग विधि को सरल शब्दों में समझाया। विशेष रूप से एलपीजी गैस सिलेंडर से होने वाली गैस लीक और उससे उत्पन्न होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं के कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। टीम ने बताया कि रसोईघर अथवा प्रयोगशालाओं में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
फायर टीम द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) की हैंडलिंग का लाइव प्रदर्शन किया गया। छात्रों और शिक्षकों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार अग्निशमन यंत्र का सही तरीके से प्रयोग कर प्रारंभिक स्तर पर आग को नियंत्रित किया जा सकता है। इस दौरान छात्रों को स्वयं भी अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग करने का अवसर दिया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन सेवा नंबर 112 के महत्व की भी जानकारी दी गई। फायर टीम ने बताया कि किसी भी आकस्मिक या आपदा की स्थिति में समय पर सही सूचना देना अत्यंत आवश्यक है, जिससे त्वरित सहायता प्राप्त हो सके और जनहानि व संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके। छात्रों को यह भी समझाया गया कि वे समाज का एक अभिन्न अंग हैं और जागरूक नागरिक के रूप में आपातकालीन परिस्थितियों में राष्ट्र की संपत्ति एवं मानव जीवन की रक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस जनजागरण अभियान एवं मॉक ड्रिल अभ्यास कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से यह स्पष्ट हुआ कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में सुरक्षित समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रबंधन ने फायर स्टेशन रुड़की की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
इस पूरे अभियान का सफल संचालन फायर स्टेशन रुड़की की टीम द्वारा किया गया, जिसमें लीडिंग फायरमैन अतर सिंह एवं लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार शामिल रहे। उनके मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण से यह कार्यक्रम सफल और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!