January 27, 2026

हरिद्वार जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया ध्वजारोहण

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

जनपद हरिद्वार में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय परिसर एवं कैम्प कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया और वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे सशक्त, विस्तृत और लचीला संविधान है, जो समय-समय पर देश की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को ढालता रहा है। संविधान ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, भेदभाव और अस्पृश्यता को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान प्रदान किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद एवं प्रदेश की उन्नति और प्रगति के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब प्रशासन और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तभी विकास के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही जिलाधिकारी ने जनपद में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ जनपद के निर्माण के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर जनपद बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि राज्य और जनपद को खुशहाल एवं समृद्ध बनाने के लिए सभी को ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव है जब प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में आनन्दमयी सेवा सदन की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गान एवं देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने समारोह को और भी भावपूर्ण बना दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपेन्द्र सिंह नेगी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने ध्वजारोहण किया, जबकि नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जनपद के विभिन्न कार्यालयों में भी गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!