77वें गणतंत्र दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय रुड़की में ध्वजारोहण, डॉ. मधु सिंह ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय रुड़की में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरा कार्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दीं।
ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को सलामी दी। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंज उठा और पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश पदाधिकारीगण, जिला पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान और आस्था प्रकट करने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है और यही हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। आज का दिन उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करने का अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान से हमें एक स्वतंत्र, सशक्त और लोकतांत्रिक भारत प्राप्त हुआ।
डॉ. मधु सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है, और इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिठाई वितरित की गई तथा एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति से ओत-प्रोत यह ध्वजारोहण समारोह भाजपा जिला कार्यालय रुड़की में राष्ट्रप्रेम और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक बनकर यादगार रहा।

