विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (VG RAM G) जनजागरण अभियान की जिला कार्यशाला संपन्न

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार व आजीविका के अवसरों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (VG RAM G)” के तहत जिला स्तरीय जनजागरण कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला में सांसद डॉ. कल्पना सैनी, भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीप्ति रावत भारद्वाज ने प्रतिभाग कर अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना और लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव, गरीब, किसान और युवा आत्मनिर्भर बनेंगे। VG RAM G अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी रोजगार का सृजन करना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से आजीविका के नए अवसर विकसित करना है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को इस मिशन के माध्यम से प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि VG RAM G केवल एक अभियान नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के समग्र विकास की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को इस मिशन से जोड़ें, सरकारी योजनाओं की सही जानकारी दें और पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, अनुशासन और जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को इस मिशन से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास, स्वरोजगार, लघु उद्योग, कृषि आधारित गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण लेकर इस अभियान के प्रभावी संदेशवाहक बनने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री देशराज करनवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधानसभा प्रत्याशी रानी देवयानी, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड सहित अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक संजय अरोड़ा ने किया, जिन्होंने कार्यशाला की रूपरेखा और अभियान के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। सहसंयोजक सचिन झबरेडी और अनिल चौधरी ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। अंत में सभी उपस्थितजनों ने संकल्प लिया कि VG RAM G जनजागरण अभियान को जन-आंदोलन का रूप देकर विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अपना पूर्ण योगदान देंगे।

