झबरेड़ा विधानसभा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान का भव्य आयोजन “ट्रंप जैसे फूफा का जवाब है स्वदेशी” – त्रिवेंद्र सिंह रावत
(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी द्वारा झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में आज “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना और सरकार की विकासपरक योजनाओं की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जनता ने भी भागीदारी की।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में त्रिवेंद्र सिंह रावत (सांसद, हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड) पहुंचे। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” केवल एक सरकारी योजना नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति और भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “ट्रंप जैसे फूफा का जवाब है स्वदेशी” — यानी हमें अपने स्थानीय उद्योगों और उत्पादों को बढ़ावा देना होगा ताकि भारत आर्थिक रूप से और भी मजबूत बन सके। उन्होंने युवाओं, किसानों और उद्यमियों से आह्वान किया कि वे स्थानीय उत्पादों और नवाचार को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत निर्माण में भागीदार बनें।भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के जरिए किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का सशक्त अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है।मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देगा। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से आग्रह किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।विधानसभा प्रत्याशी राजपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर ग्रामीण रोजगार योजना जैसी योजनाओं ने लाखों युवाओं को रोज़गार के अवसर दिए हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक स्वतंत्रता का भी प्रतीक है।राज्य मंत्री देशराज करनवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर गांवों, किसानों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। “वोकल फॉर लोकल” का आह्वान अब एक जन आंदोलन बन चुका है। भाजपा नेता मयंक गुप्ता और वरिष्ठ नेता शोभा राम प्रजापति ने भी आत्मनिर्भर भारत अभियान को राष्ट्र के स्वाभिमान से जोड़ते हुए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री सागर गोयल और अक्षय प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर ललित मोहन अग्रवाल, पवन तोमर, सुशील त्यागी, अनीस गौड, डॉ. सौरभ गुप्ता, सतीश सैनी, सचिन झबरेडी, तेजपाल मौर्य, प्रतिभा चौहान, पंकज नंदा, गीता मलिक सहित भाजपा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित भाजपा रुड़की जिला कार्यालय का निरीक्षण भी किया। समापन अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को “वोकल फॉर लोकल” का संकल्प दिलाया कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से हुआ।



