November 7, 2025

पेपर लीक पर नेता प्रतिपक्ष का सरकार पर हमला, कहा – युवाओं के भविष्य से खिलवाड़

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)

 नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने रविवार को रुड़की पहुंचकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता के होटल में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का योगदान पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कठिन परिस्थितियों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मजबूती से विचारधारा और सिद्धांतों की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए पंचायत, निकाय और उपचुनावों में जनता ने भाजपा को नकारने का संदेश दिया है। भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता के बल पर चुनाव प्रभावित किए जा रहे हैं। नैनीताल में खुलेआम लोकतंत्र की डकैती हुई है, जहां न्यायालय और प्रशासन के बावजूद भाजपा समर्थकों ने हथियारों के बल पर अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम दिया। यह साफ संकेत है कि राज्य में गुंडाराज और अराजकता हावी है।UKSSSC पेपर लीक प्रकरण पर बोलते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। हाल ही में एक और पेपर लीक होने की घटना सामने आई है, जो इस बात का सबूत है कि नकल माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया हो, लेकिन अपराधियों के हौसले अब भी बुलंद हैं।आर्य ने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तब से लगातार नकल और पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। सरकार केवल नकल विरोधी कानून की बात कर रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि जिन लोगों पर पहले आरोप लग चुके हैं, वही आज भी सक्रिय हैं। इससे साबित होता है कि सरकार उन्हें बचा रही है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम पर है, किसानों के साथ अन्याय हो रहा है और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। जनता डर और भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनावों में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस को वापस सत्ता में लाएगी।रुड़की पहुंचे यशपाल आर्य से मुलाकात के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का स्वागत कर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया। आर्य ने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसका कार्यकर्ता है और यही एकजुटता भविष्य में भाजपा सरकार की नाकामियों के खिलाफ निर्णायक साबित होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!