हरिद्वार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 140 वाहनों के चालान और 26 सीज
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
हरिद्वार। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस अभियान के दौरान अलग-अलग अनियमितताओं पर 140 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 वाहनों को सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने सिडकुल, सिंहद्वार, लक्सर मार्ग और श्यामपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की जांच कर दस्तावेजों तथा यातायात नियमों के पालन की स्थिति देखी गई।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 77 चालान किए गए। वहीं बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने के 19 मामले सामने आए। इसके अलावा बिना बीमा के वाहन संचालित करने पर 22, बिना वैध परमिट के संचालन पर 10 तथा फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने पर 9 वाहनों के चालान किए गए। वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन पाए जाने पर भी 6 मामलों में कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की टीम ने सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले मालवाहक वाहनों पर भी विशेष ध्यान दिया। सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कृषि कार्यों के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का व्यावसायिक उपयोग करने, वाहन कर बकाया रखने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने जैसी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान में परिवहन कर अधिकारी हरिश सती, रविन्द्र पाल सैनी एवं परिवहन उपनिरीक्षक नरेश नेगी सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें। साथ ही निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

