बाल विवाह रोकने के लिए हर नागरिक को निभानी होगी सामाजिक जिम्मेदारी
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
हरिद्वार। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसे रोकने के लिए परिवार से लेकर समाज तक सभी को जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। यह बात मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बुधवार को विकास भवन सभागार में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि परिवार के महत्वपूर्ण निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। बाल विवाह के कारण विशेष रूप से बालिकाओं के अधिकार प्रभावित होते हैं और उनके खिलाफ हिंसा की घटनाओं में भी वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाकर और समय रहते ऐसे मामलों की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर बाल विवाह को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की सचिव एवं सिविल जज डॉ. सिमरनजीत कौर ने आमजन से बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाल विवाह से संबंधित मामलों में पीड़ितों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते उनका विरोध करें।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनकी शिक्षा एवं भविष्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। बच्चों को सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य देने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह को समाप्त करना किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष ने समिति की कार्यप्रणाली और विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बाल विवाह रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में श्रीमती विनीता मेहता, श्रीमती नीलम और श्रीमती प्रतिभा ने भी अपने विचार साझा किए। बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे होने वाले नुकसान को समझाने के लिए विषय आधारित दो लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं।
कार्यक्रम में अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और उनमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बाल विवाह से बचाई गई बालिकाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा गया कि उन्हें सुरक्षित जीवन, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार सहयोग एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।
इस अवसर पर सीडब्ल्यूसी और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने चाइल्ड हेल्पलाइन तथा वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता एवं सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सिद्धांत, रोहित, विनिता, विक्रांत, ज्ञानेंद्र और मीनाक्षी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संतोष रावत ने किया।

