November 25, 2026

मंगलौर में मुख्यमंत्री धामी की जन आशीर्वाद रैली, लिब्बरहेड़ी में बनेगा कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर पुल

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18) 

मंगलौर/हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले के निर्माण सहित कई सड़क एवं तटबंध निर्माण कार्यों की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मंगलौर के समग्र विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलौर क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं।

लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर बनेगा पुल

मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके अलावा लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराया जाएगा। मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध और ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की गई।

नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण भी कराया जाएगा। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा।

किसानों को गन्ना मूल्य बढ़ाने का भरोसा

रैली में किसानों की ओर से गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग उठाई गई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ना मूल्य में वृद्धि का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य बढ़ाया गया था और इस वर्ष भी जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और कृषि लागत कम करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विकास योजनाओं का रखा लेखा-जोखा

मुख्यमंत्री ने मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षेत्र में एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। वहीं, 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

किसानों और युवाओं के लिए सरकार की योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जा चुकी है। प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निशुल्क की गई है और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।

सुशासन और कानून व्यवस्था पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रैली संयोजक करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!