#श्री गांधी महिला शिल्प विद्यालय इंटर कॉलेज में छात्राओं को वितरित की गई निशुल्क पाठ्य सामग्री, मेधावी छात्राओं का भी हुआ सम्मान
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की। छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के उद्देश्य से पूर्व मेयर गौरव गोयल की ओर से श्री गांधी महिला शिल्प विद्यालय इंटर कॉलेज में निशुल्क पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय की मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व मेयर यशपाल राणा तथा आचार्य रजनीश शास्त्री जी महाराज मौजूद रहे। दोनों अतिथियों का विद्यालय पहुंचने पर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को शिक्षा के महत्व, जीवन में अनुशासन और अच्छे संस्कारों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पूर्व मेयर यशपाल राणा ने अपने संबोधन में कहा कि अच्छी शिक्षा प्राप्त करना प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा के प्रसार में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जरूरतमंद विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है, इससे उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलती है।
आचार्य रजनीश शास्त्री जी महाराज ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों का भी आधार है। शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति सही और गलत के बीच अंतर समझ पाता है तथा समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना पुण्य का कार्य है। समाज के संपन्न और सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की सहायता करनी चाहिए।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देना उनके प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। पाठ्य सामग्री मिलने से छात्राओं को पढ़ाई में सहायता मिलेगी और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और उपलब्धियां अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य पारुल सैनी सहित उपस्थित शिक्षिकाओं और गणमान्य लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। वक्ताओं ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजहंस कला मंदिर के अध्यक्ष विपिन सिंघल, हाजी फैयाज अहमद, अर्चना चौहान, सुरेंद्र कौर, बबीता सैनी, सुनीता रानी, पदमा शर्मा, आरती वशिष्ठ, दीपा सैनी, प्रेरणा, दीपा देवी पाल, शिवानी, कुमारी नीतू, सविता, प्राची वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और अपने विद्यालय तथा परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।


