रुड़की में अंजुमन इरतिक़ा-ए-अदब ने किया भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह,हाईस्कूल-इंटर की मेधावियों छात्राओं को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। नगर निगम हॉल में ‘अंजुमन इरतिक़ा-ए-अदब’ संस्था की ओर से भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न मदरसों से आए एक दर्जन से अधिक अरबी हाफिज-ए-कुरआन बच्चों की दस्तारबंदी कर उनका भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष एस.एस. हक के नेतृत्व में अनुशासित एवं गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। इस मौके पर पहुंचे मंगलोर विधायक काज़ी निजामुद्दीन का संस्था के सदस्यों ने ज़ोरदार स्वागत किया ।मुख्य अतिथि वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी सलीम खान ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि किसी भी समाज की तरक्की की मजबूत नींव शिक्षा है। प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को दीनी शिक्षा के साथ आधुनिक और तकनीकी शिक्षा भी दिलाई जानी चाहिए, ताकि वे बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें। बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटी पूरे परिवार और समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने ‘अंजुमन इरतिक़ा-ए-अदब’ के प्रतिभा सम्मान समारोह की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
समारोह में मिस्कत, अल्फीशा फिजा, आसिका, मुस्कान, आलिया, आफिया, नेहा, गुलफ्शा, जीनत, फरहीन सहित अन्य मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इन छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से बेहतर परिणाम हासिल कर परिवार व समाज का नाम रोशन किया है। उन्हें आगे भी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव आफाक अली ने कहा कि मुस्लिम समाज के बच्चे आज दीनी तालीम के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा भी हासिल कर रहे हैं। यह सकारात्मक बदलाव समाज और देश की मुख्यधारा से जुड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटियों ने साबित कर दिया है कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
प्रमुख समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता ए.आर. खान ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी कौम या समाज का विकास शिक्षा के बिना संभव नहीं है। मुस्लिम समाज में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध भी कराया जाना चाहिए।
संस्था के अध्यक्ष एस.एस. हक ने कहा कि अंजुमन लंबे समय से प्रतिभावान बच्चों का उत्साहवर्धन करती आ रही है और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एक पढ़ी-लिखी लड़की अपने परिवार के साथ समाज को भी शिक्षित और संस्कारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में किसान नेता फ़ख़रे आलम, मुफ़्ती सलीम, अब्दुल रज़्ज़ाक, सलीम अहमद, मोहम्मद इमरान, शानूर रहमान, कोषाध्यक्ष शाहनवाज़ त्यागी, मुखिया त्यागी, संमून अहमद, इरफ़ान, रामपुर सभासद मोहम्मद अख़लाक, नसीम मास्टर, पार्षद ताहिर, जावेद फै़सी, पूर्व पार्षद मोहसिन, उस्मान खां उर्फ चाँद और महमूद कन्फेक्शनर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सिकंदर हयात गड़बड़ ने किया। अंत में सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।






