भारत विकास परिषद समर्पण शाखा ने धूमधाम से मनाए हरियाली तीज, शिवरात्रि, रक्षाबंधन व जन्माष्टमी
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की, 24 अगस्त। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा रुड़की की ओर से होटल दीप रेजीडेंसी में रविवार देर रात तक हरियाली तीज, शिवरात्रि, रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, राष्ट्रप्रेम और पारिवारिक मूल्यों की सुंदर झलक देखने को मिली। शाखा के सदस्यों एवं उनके परिवारों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष इंजी. राकेश कुमार गर्ग के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता उसकी विविधता, समृद्ध परंपराओं और उत्सवधर्मिता में निहित है। हमारे पर्व केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और भारतीय परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
शाखा सचिव ने सदस्यों के जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ पर बधाई संदेश दिए तथा शाखा द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मनमोहक सिलसिला शुरू हुआ। श्रीमती वेणु मोहन ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति देकर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। कुमारी निशिका ने भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि डॉ. सुधीर चौधरी के गीत ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पृथ्वी, निशान एवं अलकनंदिनी ने बैंड प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में डॉ. अजय भार्गव एवं श्रीमती रमा भार्गव, डॉ. कैनेथ सैमुअल एवं श्रीमती शहनाज सैमुअल, डॉ. सुनील शर्मा एवं श्रीमती मृणालिनी शर्मा तथा डॉ. मनमोहन गोयल एवं श्रीमती सविता गोयल ने युगल नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। श्रीमती रितिका गुप्ता, श्रीमती चांदनी एवं श्रीमती प्राची गोयल की सामूहिक नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। श्री मुजीब मलिक ने कविता पाठ कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद समर्पण शाखा की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान सदस्यों एवं बच्चों को सम्मानित किया गया। डॉ. मधुराका सक्सेना, डॉ. मधुलिका चौधरी, डॉ. राजेंद्र पाल, कुमारी अलकनंदनी सिंह, मास्टर आरित गुप्ता एवं कुमारी अनुष्का गोयल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रितिका गुप्ता एवं श्रीमती आयुषी खैतान ने कुशलतापूर्वक किया। विभिन्न खेलों एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिनका समन्वय श्रीमती पूजा गर्ग एवं श्रीमती प्राची गोयल ने किया। प्रतियोगिताओं में विजयी सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
अंत में शाखा सचिव श्री सौमेन कर्माकर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शाखा सदस्यों एवं उनके परिवारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता सामूहिक सहभागिता और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी से भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में रेणु गर्ग, अनीता गुप्ता, बीना सिंह, फराह मलिक, राजीव, रेखा गोयल, हर्ष प्रकाश काला, कुसुम काला, निखिल, शालिनी, राजेश चंद्रा, अंजुल, विशाल, प्राची, एसआर सिंघल, रीना नैथानी, अल्का, सदीप, आरडी सिंह, संयोगिता, दीप्ति कर्माकर, प्रवीण, पूजा, नवीन, संजय, रश्मि जैन, यूसी जैन, रानी जैन, पंकज, मोहिता, हेमलता सिंघल, डॉ. श्री मोहन, आरसी सेतिया, एससी जैन सहित सैकड़ों सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम का आनंद लिया और इसके उपरांत रात्रिभोज का भी आनंद उठाया।





