एसआईआर में फर्जी आपत्तियों और वैध मतदाताओं को परेशान करने का आरोप, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर ने सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपकर मतदाताओं को आ रही समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं एसआईआर रुड़की विधानसभा क्षेत्र प्रभारी धीरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फर्जी शिकायतों, नोटिसों तथा वैध मतदाताओं को परेशान किए जाने के मुद्दे उठाए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की की प्रतिनिधि अपर तहसीलदार शुभांगी को ज्ञापन सौंपते हुए धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है, लेकिन इस प्रक्रिया में यदि फर्जी आपत्तियों के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी होती है तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि फॉर्म-7 से संबंधित सभी आपत्तियों का निस्तारण नियमानुसार किया जाए और फर्जी शिकायतों का निस्तारण बीएलओ की रिपोर्ट के आधार पर तत्काल किया जाए।
उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी त्रुटियों को लेकर जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनका भी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण होना चाहिए। किसी भी मतदाता को केवल तकनीकी या मामूली त्रुटि के कारण उसके मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
धीरेंद्र प्रताप ने यह भी मांग की कि फॉर्म-7 से संबंधित आपत्ति होने पर पीड़ित पक्ष को नोटिस के माध्यम से पर्याप्त सूचना दी जाए, ताकि वह अपना पक्ष संबंधित अधिकारी के समक्ष रख सके। उन्होंने कहा कि फर्जी आपत्तियों का तेजी से निस्तारण किया जाना आवश्यक है, जिससे वास्तविक मतदाताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग यदि अपनी जिम्मेदारियों का निष्पक्ष और ईमानदारी से निर्वहन करता है तो कांग्रेस उसका स्वागत करेगी। लेकिन यदि वैध मतदाताओं को परेशान किया गया या उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस को मजबूरी में चुनाव आयोग के खिलाफ जनआंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
रुड़की जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निष्पक्षता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि किसी केंद्रीय संस्था अथवा राजनीतिक दल के दबाव में आकर वैध मतदाताओं को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा करना चुनाव अधिकारी, बीएलओ और जिला निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा “एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। फर्जी आपत्तियों के कारण किसी भी पात्र मतदाता को परेशान या मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। अधिकारियों को बीएलओ की रिपोर्ट के आधार पर शिकायतों का त्वरित निस्तारण करते हुए प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रखना चाहिए।”
पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने कहा“एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। फर्जी आपत्तियों का निष्पक्ष जांच के बाद तत्काल निस्तारण हो और वास्तविक मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिले। चुनाव आयोग पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक नागरिक के मतदान अधिकार को सुरक्षित करे।” कहा कि अधिकारियों से उम्मीद है कि वे बिना किसी भेदभाव और दबाव के मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे। यदि किसी वैध मतदाता को मतदान से वंचित किया गया तो कांग्रेस पार्टी को मजबूरी में ठोस कानूनी कदम उठाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है।
इस दौरान प्रदेश सचिव एवं रुड़की सह प्रभारी महेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, रिजवान अहमद, सुशील कश्यप, जिला प्रवक्ता अनिल पुंडीर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एसपी त्यागी एडवोकेट, पार्षद फजलुर्रहमान, मोनू त्यागी, मकसूद हसन, अब्दुल समद, ढंडेरा नगर अध्यक्ष राव मुन्ना, पूर्व प्रदेश सचिव मुनेश त्यागी, अनूप शर्मा, पूर्व चेयरमैन सेवाराम रोड, बीएलए-1 सलमान सिद्दीकी, अनस आलम, नीरज अग्रवाल, नूर आलम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

