सोलानी नदी पुल और पुराने कलियर मार्ग की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का धरना, शीघ्र मरम्मत की मांग
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। सोलानी नदी पुल तथा पुराने कलियर मार्ग की जर्जर हालत और सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के विरोध में रुड़की महानगर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोलानी नदी पुल के पास धरना देकर प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने सड़क को तत्काल गड्ढामुक्त करने के साथ ही पुल और मार्ग की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित धरने में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुराने कलियर मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, वाहन चालक और राहगीर आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है तथा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह जिलाधिकारी हरिद्वार की ओर से पुराने कलियर मार्ग पर गड्ढे भरने और सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद मौके पर प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। नेताओं ने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्देश जारी होने के बाद भी सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि आम जनता लंबे समय से खराब सड़क की समस्या झेल रही है। प्रशासन के निर्देश के बावजूद यदि धरातल पर काम नहीं होता है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि विभाग को केवल आश्वासन देने के बजाय तत्काल मौके पर कार्य शुरू करना चाहिए। उन्होंने सोलानी नदी पुल और पुराने कलियर मार्ग के सभी गड्ढों को तत्काल भरने तथा सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी सड़क की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे समय से सड़क पर बने गड्ढों के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराकर आम जनता को राहत देने की मांग की।
कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर पहले भी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई और मार्ग को सुरक्षित नहीं बनाया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर प्रशासन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने मांग की कि सोलानी नदी पुल की मरम्मत, पुराने कलियर मार्ग के गड्ढों को भरने और सड़क की स्थायी स्थिति सुधारने के लिए तत्काल कार्ययोजना लागू की जाए।
धरना-प्रदर्शन में महामंत्री संगठन मुनफैत अली, मदनपाल सिंह भड़ाना, रिजवान अहमद, संजय गुड्डू पूर्व पार्षद, पार्षद ताहिर चौधरी, अब्दुल समद, पूर्व पार्षद मोहसिन अल्वी, नीरज सैनी, पंडित वीरेंद्र कुमार शर्मा, सुनील शर्मा, सुभाष चंद्र सैनी, गौरव प्रधान, इसरार प्रधान, धर्मपाल जाटव, अजीम मलिक, उम्मेद गाजी, तुषार गोयल, अनूप शर्मा, जगपाल सिंह पूर्व जिला पंचायत सदस्य, योगेंद्र बीडीसी, नूर आलम राजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
