एसआईआर प्रक्रिया पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने उठाए सवाल,फर्जी आपत्तियों से पात्र मतदाताओं के वोट काटने का आरोप
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल ने एसआईआर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी आपत्तियां दाखिल कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से जुड़े कुछ प्रतिनिधियों के समर्थकों द्वारा आपत्तियां दाखिल कर लोगों के वोट काटने की कोशिश की जा रही है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने पुराने मकतुलपुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 45 पर पहुंचकर सक्षम अधिकारी के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में फर्जी आपत्तियों का निस्तारण भी कथित तौर पर औपचारिक तरीके से किया जा रहा है। उनका कहना था कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए इसके पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।
गौरव गोयल ने कहा कि एसआईआर के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल आपत्ति के आधार पर नहीं हटाया जाना चाहिए, बल्कि प्रत्येक मामले की विधिवत जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता के नाम को लेकर आपत्ति दर्ज की जाती है तो संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोगों को लगता है कि एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से वर्ष 2027 के चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने का रास्ता आसान हो रहा है। गौरव गोयल ने कहा कि कथित आपत्तियों के मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर जैसी संवेदनशील प्रक्रिया को राजनीतिक लाभ-हानि से ऊपर रखते हुए निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जाना आवश्यक है।
पूर्व मेयर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि किसी भी सही और पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया गया तो उसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गौरव गोयल ने आम लोगों से भी अपील की कि वे एसआईआर प्रक्रिया के दौरान विशेष रूप से सतर्क रहें। उन्होंने मतदाताओं से अपनी मतदाता सूची में नाम की स्थिति जांचने, विवरण में किसी प्रकार की गलती होने पर समय रहते सुधार कराने तथा यदि उनके नाम को लेकर गलत या फर्जी आपत्ति दर्ज होने की जानकारी मिले तो तत्काल सक्षम अधिकारी को इसकी सूचना देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखना केवल निर्वाचन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों और आम नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। निष्पक्ष जांच और पारदर्शी प्रक्रिया से ही यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो।


