पाड़ली गुज्जर में स्मार्ट मीटर को लेकर हंगामा, विरोध के बाद बिना मीटर लगाए लौटी UPCL टीम

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। पाड़ली गुज्जर नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की टीम स्मार्ट मीटर लगाने के लिए गांव पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पर्याप्त जानकारी और सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जाने का प्रयास किया गया, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया।सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता एवं जननेता समीर आलम मौके पर पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए और स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान किए बिना और उनकी सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।इस दौरान समीर आलम ने कहा कि जनता पहले से बिजली बिलों और तकनीकी समस्याओं को लेकर परेशान है। ऐसे में लोगों की आशंकाओं को दूर किए बिना स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाग पहले उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी दे और उनकी समस्याओं का समाधान करे, उसके बाद ही किसी नई व्यवस्था को लागू किया जाए।विरोध बढ़ने पर मौके का माहौल काफी गरमा गया। ग्रामीणों की एकजुटता और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए UPCL की टीम बिना स्मार्ट मीटर लगाए ही वापस लौट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने इसे अपनी एकजुटता की जीत बताते हुए समीर आलम का आभार व्यक्त किया।समीर आलम ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बिना उचित संवाद और सहमति के दोबारा ऐसी कार्रवाई की गई, तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव भी किया जाएगा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।घटना के बाद क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे किसी भी नई व्यवस्था के विरोधी नहीं हैं, लेकिन उसे लागू करने से पहले विभाग को लोगों को पूरी जानकारी देना और उनकी शंकाओं का समाधान करना चाहिए।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!