इमलीखेड़ा में अखिल भारतीय हिंदू क्रांति दल का विशाल कांवड़ सेवा शिविर, हवन-पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

कलियर/इमलीखेड़ा/। सावन माह और महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कलियर विधानसभा के इमलीखेड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में अखिल भारतीय हिंदू क्रांति दल के तत्वावधान में विशाल कांवड़ सेवा शिविर एवं भंडारे का शुभारंभ विधिवत हवन-पूजन के साथ किया गया। इस दौरान हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर भगवानपुर बाईपास मार्ग से अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हजारों शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी जय भगवान सैनी तथा भाजपा नेत्री रोमा सैनी ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों को प्रसाद वितरित कर उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सेवा शिविर में शिवभक्तों के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम, स्नान, चिकित्सा, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की निशुल्क व्यवस्था की गई है। सेवा शिविर का लाभ उठा रहे कांवड़ियों ने आयोजकों की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और भोलेनाथ के जयकारों के साथ अपनी यात्रा आगे बढ़ाई।

इस अवसर पर इमलीखेड़ा नगर पंचायत चेयरमैन मनोज सैनी ने सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पंचायत इमलीखेड़ा में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय हिंदू क्रांति दल के बैनर तले आयोजित यह कांवड़ सेवा भंडारा लगातार नौवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है और पिछले वर्षों की तरह इस बार भी पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।

मनोज सैनी ने कहा कि शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, रहने, ठहरने, स्नान और मेडिकल सुविधा सहित हर आवश्यक सेवा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सब भगवान भोलेनाथ की कृपा और आशीर्वाद से संभव हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार द्वारा एक अन्य भंडारा भी पिछले 35 से 40 वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी उनके पिता और वरिष्ठ सदस्यों की टीम निभा रही है।

बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी जय भगवान सैनी ने कहा कि जब उन्होंने स्वयं कमाना शुरू किया तो भगवान भोलेनाथ की सेवा में अपनी कमाई का एक हिस्सा समर्पित करने का संकल्प लिया। इसी भावना के साथ नौ वर्ष पहले इस सेवा शिविर की शुरुआत की गई थी, जो आज हजारों शिवभक्तों की सेवा का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह पांच दिवसीय भंडारा पूरी श्रद्धा और सेवा भाव के साथ संचालित किया जाता है तथा भविष्य में भी यह परंपरा निरंतर जारी रहेगी। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!