कांवड़ मेले की तैयारियां पूरी, शिवभक्तों के स्वागत के लिए नगर निगम रुड़की पूरी तरह तैयार: मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार इस वर्ष कांवड़ मेले को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं लगातार हरिद्वार पहुंचकर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम रुड़की ने भी कांवड़ यात्रा को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने गुरु पूर्णिमा एवं आगामी महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए देशभर से आने वाले सभी शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया और विश्वास दिलाया कि उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं कई बार हरिद्वार पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण कर चुके हैं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जल भरने के स्थानों से लेकर पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग तक सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम एवं जिला प्रशासन के समन्वय से कांवड़ पटरी और गंगनहर के आसपास व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया है। चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का नियमित छिड़काव कराया जा रहा है, वहीं मच्छरों और जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए विशेष दवाओं का भी छिड़काव किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमें भी तैनात की गई हैं।
मेयर अनीता अग्रवाल ने बताया कि कांवड़ियों की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सुथरे शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। नए एवं पुराने सार्वजनिक शौचालयों को पूरी तरह तैयार कर दिया गया है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री की पहल पर निर्मित पिंक टॉयलेट भी संचालित किए गए है, जिससे महिला श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आगे कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण केंद्र, प्राथमिक उपचार शिविर तथा चिकित्सा शिविर स्थापित किए जा रहे है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन भी सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ मेले के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है और सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंप दी गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार कांवड़ यात्रा पहले से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल होगी। उन्होंने सभी शिवभक्तों से अपील की कि वे श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का पालन करते हुए अपनी यात्रा पूरी करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों का सम्मान और उनकी सेवा ही नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से कांवड़ मेला 2026 को सफल बनाया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!