रुड़की में निकाह बना हाई-वोल्टेज ड्रामा: बारातियों से मारपीट, एक गंभीर घायल हायर सेंटर रेफर
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब निकाह से पहले दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आपसी सहमति से निकाह रद्द कर दिया गया और बारात बिना निकाह के वापस लौट गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने सहारनपुर जिले के बिलासपुर गांव से दूसरे दूल्हे को बुलाकर उसी दिन दुल्हन का निकाह करा दिया। इस पूरे घटनाक्रम की क्षेत्रभर में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव से मंगलवार, 21 जुलाई को बारात रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी के एक बैंक्वेट हॉल में पहुंची थी। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने समारोह में मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता की। इस घटना से दुल्हन पक्ष के लोग नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिससे निकाह की रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं।
सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में लंबी वार्ता हुई, जिसमें दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि शादी रद्द कर दी जाएगी। साथ ही तय हुआ कि दुल्हन पक्ष द्वारा पहले दिए गए दहेज का सामान वापस किया जाएगा तथा शादी समारोह में हुए भोजन और अन्य खर्च का भुगतान दूल्हे पक्ष करेगा। इस समझौते पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर भी किए गए और सामान व रकम लौटाने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई।
हालांकि मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ। आरोप है कि समझौते के बाद जब दूल्हा पक्ष बारात लेकर बैंक्वेट हॉल से बाहर निकल रहा था, तभी कुछ लोगों ने उन पर दोबारा हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों पक्ष मौके से जा चुके थे।
दूल्हे शावेज़ ने आरोप लगाया कि उनकी बारात मेहवड़ से आई थी और उनके साथ बिना वजह मारपीट की गई। उनका कहना है कि करीब एक लाख की नगदी और मोबाइल गायब हो गए । उनका आरोप है कि यह सामान और नकदी घटना के दौरान गायब हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक विवाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से सुलझा लिया गया था। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी रद्द करने का निर्णय लिया था। बाद में मारपीट और अन्य आरोपों के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, निकाह रद्द होने के बाद दुल्हन पक्ष ने सहारनपुर जिले के बिलासपुर गांव से दूसरे दूल्हे को बुलाया और उसी दिन दुल्हन का निकाह संपन्न कराया। एक ही दिन में शादी टूटने और फिर नए दूल्हे के साथ निकाह होने की यह घटना पूरे रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।




