रुड़की में विद्युत विभाग के खिलाफ सुराज सेवादल का उग्र प्रदर्शन, ईई कार्यालय का घेराव कर घंटों दिया धरना

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। विद्युत विभाग में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनहित के कार्यों में लापरवाही के विरोध में मंगलवार को सुराज सेवादल ने रुड़की में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता (ईई) कार्यालय का घेराव किया और परिसर के बाहर घंटों धरना देकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी हलचल रही और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग में लंबे समय से भ्रष्टाचार, मनमानी और आम जनता के कार्यों में अनावश्यक देरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें और ज्ञापन दिए गए, लेकिन किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों की उदासीनता के कारण जनता परेशान है और अब लोगों का धैर्य जवाब दे चुका है।
उन्होंने कहा कि सुराज सेवादल जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यदि विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के धन का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी होगी।
प्रदर्शन के दौरान सुराज सेवादल के प्रदेश सचिव एवं ग्राम पीरपुरा के प्रधान प्रधान मोहम्मद इंतजार ने भी विभागीय अधिकारियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों के बिजली संबंधी कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि कथित भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए तथा जनता के सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार विरोधी नारे लगाए और अधिशासी अभियंता कार्यालय को मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में विभाग के विवादित कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के निलंबन, जनहित की योजनाओं का सामाजिक ऑडिट कराने तथा बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में ग्राम पीरपुरा से प्रधान मोहम्मद इंतजार, ग्राम शिकारपुर के प्रधान नौशाद अली, ग्राम नगला इमरती के प्रधान मोहम्मद खलील, ग्राम पीरपुरा के प्रधान मुजफ्फर अली, ग्राम टांडा के प्रधान आलिम, ग्राम भावरी के प्रधान अजय, ग्राम नगला इमरत के प्रधान गजेंद्र, विनोद राणा, हाजी इसरार, हाजी इरफान अहमद, रहीस अहमद, साबिर राणा, नफीस अहमद, गुफरान, प्रधान मेहरबान अली, इनाम, सुरेंद्र, हाककम अली, दिलशाद, नितिन कटारिया, शेखर कटारिया, डॉ. सतवीर, सेहरान त्यागी, डॉ. सोनू कुमार, अकलीम त्यागी, जाबिर त्यागी, डॉ. हिफाजत, नदीम सहित विभिन्न गांवों के प्रधान, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुराज सेवादल ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा प्रदेशभर में विद्युत विभाग के खिलाफ जनआंदोलन चलाया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!