यूजर चार्ज के विरोध में कांग्रेस का नगर निगम पर हल्ला बोल, एक सप्ताह में फैसला वापस न हुआ तो तालाबंदी की चेतावनी
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। नगर निगम द्वारा लागू किए गए यूजर चार्ज के विरोध में सोमवार को रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी ने नगरायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यूजर चार्ज को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर निगम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि नगर की जनता और व्यापारी लगातार यूजर चार्ज का विरोध कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम उनकी आवाज सुनने के बजाय हठधर्मिता का रवैया अपना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के पास सफाई व्यवस्था और अन्य सेवाओं के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद होने के बावजूद एक निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यूजर चार्ज लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में वसूली जनता से की जाएगी, जबकि उसका लाभ निजी कंपनी को मिलेगा, जो पूरी तरह जनविरोधी है।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर यूजर चार्ज का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस नगर निगम कार्यालय की तालाबंदी कर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है और किसी भी प्रकार के आर्थिक शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि पहले स्मार्ट बिजली मीटर के नाम पर लोगों को भ्रमित किया गया और अब यूजर चार्ज के माध्यम से आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ लगातार संघर्ष करेगी और जब तक यूजर चार्ज वापस नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब तक यह निर्णय वापस नहीं होता, तब तक कोई भी नागरिक यूजर चार्ज का भुगतान न करे।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने बताया कि यूजर चार्ज लागू करने का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में विधिवत पारित हो चुका है तथा शासन स्तर से भी इसे लागू करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है और इस संबंध में निगम की ओर से निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
कांग्रेस के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान महानगर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, जिला महामंत्री एवं पार्षद फजलुर्रहमान, पार्षद चारु चंद्र, विजयपाल सिंह, सुभाष चंद्र शर्मा, पिंटू प्रधान, डॉ. इरशाद मीर, सुधीर चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, नीरज सैनी, जिला संगठन सचिव गौरव प्रधान, अमित मलिक (सेवादल प्रभारी), ललित त्यागी, नूर आलम अंसारी, जिला सचिव नूर आलम, अनूप शर्मा, नितिन जिंदल सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यूजर चार्ज को लेकर अब राजनीतिक माहौल गरमाता नजर आ रहा है। कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिससे नगर निगम और प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है।
