46 लाख की बड़ी रिकवरी! जानिए कैसे हरिद्वार पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने सावन माह में आमजन को बड़ी राहत देते हुए एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत 205 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने हरिद्वार पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की।
थाना सिडकुल परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। इस दौरान कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल कभी वापस मिल पाएगा, लेकिन हरिद्वार पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के चलते उन्हें उनकी कीमती संपत्ति वापस मिल गई।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि लोगों के निजी और व्यावसायिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में खोए हुए मोबाइल को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाना पुलिस के लिए केवल एक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनके विश्वास को मजबूत करना हरिद्वार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइल केवल हरिद्वार जनपद के नहीं थे, बल्कि उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से भी रिकवर किए गए। इनमें सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के मोबाइल भी शामिल हैं, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
थाना सिडकुल पुलिस ने मोबाइल रिकवरी के मामले में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। पिछले 11 महीनों में यह आठवीं बार है जब थाना पुलिस ने बड़ी संख्या में खोए हुए मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए हैं। वहीं वर्ष 2026 में अब तक कुल 475 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक रिकवर किए जा चुके हैं, जिससे थाना सिडकुल जनपद और राज्य में मोबाइल रिकवरी के मामले में अग्रणी बना हुआ है।
बरामद मोबाइलों में 4 आईफोन, 38 ओप्पो, 15 नथिंग, 35 सैमसंग, 32 रियलमी, 12 एमआई, 44 वीवो, 19 वनप्लस और 6 आईक्यूओओ कंपनी के स्मार्टफोन शामिल हैं। इन सभी मोबाइलों को तकनीकी जांच और आवश्यक सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया।
इस उल्लेखनीय सफलता में थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट और हेड कांस्टेबल विवेक यादव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने आधुनिक तकनीक और लगातार प्रयासों के बल पर विभिन्न राज्यों से मोबाइल ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ आमजन की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने, जनसेवा को प्राथमिकता देने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जाते रहेंगे। यह सफलता पुलिस और जनता के बीच बढ़ते विश्वास तथा बेहतर समन्वय का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!