नाबालिग से दरिंदगी: साथी को पीटा, जंगल में ले जाकर दुष्कर्म के आरोप में 6 गिरफ्तार
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के फुलगढ़ जंगल में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसके साथ मौजूद युवक से मारपीट के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों के बाद गठित पुलिस टीमों ने लगातार छापेमारी और गहन जांच के जरिए वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, लेकिन ताबड़तोड़ दबिशों के चलते आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 की रात सुल्तानपुर लक्सर से तीन युवक एक नाबालिग लड़की को मोटरसाइकिल पर लेकर फुलगढ़ जंगल की ओर पहुंचे। वहां लड़की और उसके साथ मौजूद युवक को जंगल के पास छोड़कर वे वापस लौट गए। इसी दौरान जंगल के पास पहले से शराब पी रहे तीन युवकों ने दोनों को देखा और अपने तीन अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि सभी छह युवक लड़की और उसके साथी के पीछे जंगल के अंदर चले गए। वहां चार आरोपियों ने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की, जबकि दो आरोपी नाबालिग लड़की को जंगल के अंदर ले गए। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लड़की को जंगल में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
13 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने थाना पथरी पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष पथरी को घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। तीन विशेष पुलिस टीमें गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। 17 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फुलगढ़ जंगल में छापा मारकर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कुमार (25), सुमित (25), आशु (22), शुभम (22), महेश उर्फ मंत्री (29) और आकाश (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम फुलगढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं।
इस मामले में थाना पथरी में मुकदमा संख्या 337/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना पथरी पुलिस, फेरूपुर चौकी पुलिस तथा सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
