भगवानपुर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, गौकशी के दो मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार, 655 किलो गोमांस, 3 बाइक और भारी मात्रा में उपकरण बरामद

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

भगवानपुर (हरिद्वार)। हरिद्वार पुलिस द्वारा गौकशी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन अभियानों में पुलिस ने कुल 655 किलोग्राम कथित गोमांस, गोवंशीय खाल, कटे हुए सिर, खुर, तीन मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा गौकशी में प्रयुक्त कई धारदार हथियार और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। दोनों मामलों में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है।


पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपदभर में गौकशी, नशा तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को भगवानपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर गौकशी में संलिप्त गिरोहों पर शिकंजा कसा।
पहले मामले में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिकंदरपुर से चांचक जाने वाले टावर मार्ग के पास पोपलर के खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने बिलाल पुत्र खलील निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।
मौके से पुलिस ने करीब 200 किलोग्राम कथित गोमांस, चार गोवंशीय खुर, कुल्हाड़ियां, छुरियां, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक टब, रस्सी, पॉलीथीन और अन्य गौकशी उपकरण बरामद किए। बरामद मांस को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया।
दूसरे मामले में भगवानपुर पुलिस और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड हरिद्वार की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि ग्राम सिकरोड़ा निवासी मुन्तयाज उर्फ बहादरा पुत्र ईशाक अपने साथियों के साथ खेड़ी शिकोहपुर मार्ग के पास खेतों में गौकशी कर रहा है। संयुक्त टीम ने घेराबंदी की तो सात लोग मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर मुन्तयाज उर्फ बहादरा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए।


इस कार्रवाई में पुलिस ने 455 किलोग्राम कथित गोमांस, दो गोवंशीय खाल, दो कटे हुए गोवंशीय सिर, आठ खुर, चार धारदार छुरियां, दो कुल्हाड़ियां, लोहे का सुवा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक की टोकरी, तीन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद गोमांस को भी नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के साथ नष्ट कराया गया।
दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपितों तथा उनके फरार साथियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गौकशी जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!