रुड़की में खुला दिल्ली का मशहूर ‘करीम्स’ रेस्टोरेंट, उद्घाटन के पहले दिन उमड़ी भीड़; IIT छात्रों ने कहा- ‘दिल्ली जैसा ही है स्वाद’
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 11 जुलाई। रुड़की के सिविल लाइंस स्थित आईआईटी रुड़की शताब्दी द्वार के समीप शुक्रवार को दिल्ली के ऐतिहासिक और मशहूर करीम्स रेस्टोरेंट की नई शाखा का भव्य शुभारंभ किया गया। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने फीता काटकर रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, शहर के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। भारी बारिश के बावजूद उद्घाटन के पहले ही दिन रेस्टोरेंट में ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
उद्घाटन के अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। देश के प्रतिष्ठित ब्रांडों का शहर में आगमन इस बात का संकेत है कि रुड़की निवेश और व्यापार के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और लोगों को अब दिल्ली के प्रसिद्ध करीम्स का स्वाद अपने ही शहर में उपलब्ध होगा। उन्होंने रेस्टोरेंट प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
रेस्टोरेंट प्रबंधन ने बताया कि करीम्स की पहचान पिछले एक सदी से अधिक समय से मुगलई व्यंजनों के लिए रही है। उनका उद्देश्य रुड़की के लोगों को वही असली स्वाद उपलब्ध कराना है, जिसने दिल्ली के जामा मस्जिद क्षेत्र स्थित करीम्स को देशभर में लोकप्रिय बनाया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाला भोजन, साफ-सफाई और बेहतर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।

उद्घाटन के दौरान आईआईटी रुड़की के छात्र भी बड़ी संख्या में पहुंचे। छात्र मुजाशा ने बताया कि उन्होंने पहले लखनऊ और अन्य शहरों में करीम्स का स्वाद चखा था। रुड़की में इसकी शाखा खुलने की जानकारी मिलते ही वे यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने चिकन हांडी और चिकन बिरयानी का स्वाद लिया, जो उन्हें दिल्ली के करीम्स जैसा ही लगा। उनके अनुसार भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और साफ-सफाई काफी अच्छी रही। हालांकि उद्घाटन का पहला दिन होने के कारण स्टाफ व्यस्त था, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सेवा और भी बेहतर होगी।
रेस्टोरेंट प्रबंधक राशिद अली ने बताया कि करीम्स की शुरुआत वर्ष 1913 में दिल्ली के जामा मस्जिद क्षेत्र से हुई थी और आज यह देश के कई शहरों में अपनी खास पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि रुड़की शाखा में ग्राहकों को मटन कोरमा, मटन निहारी, मटन पाया, मटन बिरयानी, चिकन बिरयानी, चिकन जहांगीरी, चिकन स्टू, चिकन कबाब, मटन कबाब सहित कई पारंपरिक मुगलई व्यंजन उपलब्ध होंगे। उन्होंने दावा किया कि रुड़की में भी ग्राहकों को बिल्कुल वही स्वाद मिलेगा, जिसके लिए दिल्ली का करीम्स मशहूर है।
पूर्व पार्षद मोहसिन अल्वी ने कहा “करीम्स जैसे ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित ब्रांड का रुड़की में आगमन शहर के लिए खुशी की बात है। इससे लोगों को बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन मिलेगा और स्थानीय व्यापार को भी नई पहचान मिलेगी। मुझे विश्वास है कि यह रेस्टोरेंट स्वाद, सेवा और गुणवत्ता के दम पर लोगों की पहली पसंद बनेगा।“करीम्स जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड का रुड़की में खुलना शहर के लिए गर्व की बात है। इससे लोगों को विश्वस्तरीय मुगलई व्यंजनों का स्वाद अपने शहर में ही मिलेगा। मुझे विश्वास है कि स्वाद, गुणवत्ता और उत्कृष्ट सेवा के दम पर यह रेस्टोरेंट जल्द ही रुड़की के प्रमुख फूड डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।”
आईआईटी रुड़की के निकट स्थित होने के कारण रेस्टोरेंट को छात्रों और बाहर से आने वाले पर्यटकों का भी अच्छा प्रतिसाद मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के पहले दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों ने पहुंचकर भोजन का आनंद लिया और रेस्टोरेंट की सराहना की। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि स्वाद, गुणवत्ता और बेहतर सेवा के दम पर करीम्स जल्द ही रुड़की के प्रमुख फूड डेस्टिनेशन के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर शहजाद अली, पूर्व पार्षद मोहसिन अल्वी,पार्षद प्रतिनिधि ताहिर, सैफ अल्वी, हाजी मेहरबान, आज़म, अनस, सुहैल, दानिश, हनी, शारिक, फिरोज, अदनान आज़म खान,सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अतिथि मौजूद रहे।




