लक्सर विकासखंड सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाए ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख मुद्दे, मुख्य विकास अधिकारी ने निस्तारण के दिए निर्देश
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
लक्सर/हरिद्वार, 25 जून। लक्सर विकासखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को क्षेत्र समिति (बीडीसी) की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा अन्य जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत भीकमपुरा के प्रधान ने गांव में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या को सदन के समक्ष रखा। वहीं ग्राम पंचायत मखालीपुर के प्रधान ने बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी से दूषित एवं गंदा पानी आ रहा है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत खानपुर ब्रह्मपुर के प्रधान ने पेयजल आपूर्ति में कम दबाव की समस्या उठाते हुए कहा कि पानी का प्रेशर बेहद कम होने के कारण लोगों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत मुंडाखेड़ा के प्रधान ने गांव में कई स्थानों पर पेयजल लाइनों के कनेक्शन टूटे होने की जानकारी देते हुए उन्हें जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। ग्राम पंचायत सेठपुर के प्रधान ने क्षेत्र की सड़कों में बने गहरे गड्ढों का मुद्दा उठाते हुए सड़क मरम्मत की आवश्यकता बताई।
बैठक में केवल पेयजल ही नहीं बल्कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, विद्युत विभाग तथा खाद्य आपूर्ति विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतों और सुझावों पर भी चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने की मांग की।
ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने बताया कि बजट संबंधी आवश्यकताओं को लेकर शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने विशेष रूप से मुंडाखेड़ा गांव में टूटे हुए पानी के कनेक्शनों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित ग्राम प्रधानों और क्षेत्र समिति सदस्यों से गांवों में स्वच्छता बनाए रखने तथा जनजागरूकता बढ़ाने में सहयोग की अपील भी की। बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी परवीन भट्ट ने किया।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) धर्मवीर सिंह, स्वजल नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र समिति सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीण विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान को लेकर गंभीर मंथन किया गया।


