निर्जला एकादशी पर शरबत वितरण, पूर्व मेयर गौरव गोयल बोले- सेवा और पुण्य का है महापर्व
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर रामपुर रोड स्थित क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल एवं उनके सहयोगियों द्वारा राहगीरों और आमजन को शीतल पेय एवं मीठे शरबत का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य का लोगों ने स्वागत करते हुए सराहना की। इस दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि निर्जला एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। यह पर्व पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन मीठा जल और शरबत रूपी प्रसाद का वितरण करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में राहगीरों को शीतल पेय उपलब्ध कराना मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य है और जब यह सेवा निर्जला एकादशी जैसे पावन पर्व पर की जाए तो उसका महत्व और भी बढ़ जाता है।
गौरव गोयल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा, दान और परोपकार की परंपरा सदैव से रही है। ऐसे धार्मिक अवसर समाज में प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देने का कार्य करते हैं। उन्होंने लोगों से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी आगे आने का आह्वान किया।
शरबत वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन समिति के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की सेवा लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देती है।
इस अवसर पर सुदामा प्रसाद गोयल, अंशुमन गोयल, हिमांशु माटा, निखिल तायल, सार्थक गोयल, तुषार गोयल, प्रणव गोयल, जावेद अली, शादाब अंसारी, हरिनाथ मिश्रा, रंजीत कुमार, बबलू कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन का समापन श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण एवं जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
