रामपुर, मंगलौर और लंडोरा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोज़र,अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रूड़की, 28 अप्रैल 2026। जनपद प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। माननीय जिलाधिकारी के निर्देश एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की के आदेशानुसार मंगलवार को नगर पंचायत रामपुर, नगर पालिका परिषद मंगलौर तथा नगर पंचायत लंडोरा में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया गया। नगर पंचायत रामपुर में तहसीलदार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 30 व्यक्तियों के खिलाफ चालान किए गए तथा उनसे ₹59,000 का जुर्माना वसूला गया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि अतिक्रमण पाया गया तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान केवल अतिक्रमण हटाने तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने पॉलिथीन के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्थानीय लोगों से अपील की गई कि वे स्वच्छ और व्यवस्थित नगर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद मंगलौर में भी संयुक्त मजिस्ट्रेट के निर्देशन एवं अपर तहसीलदार के मार्गदर्शन में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। यहां लगभग 20 मामलों में चालान करते हुए ₹21,500 का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नगर पंचायत लंडोरा में भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान करीब 40 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चालान किए गए और लगभग ₹68,000 की वसूली की गई। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा जमाए लोगों को तत्काल प्रभाव से हटाया और भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अतिक्रमण और पॉलिथीन उपयोग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे नियमों का पालन करें और शहर को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस अभियान से स्थानीय स्तर पर प्रशासन की सक्रियता और सख्ती का संदेश गया है, जिससे आने वाले समय में अतिक्रमण की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!