प्यार में बाधा बने पिता की हत्या, बहादराबाद पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में हत्या की वजह मृतक की शादीशुदा बेटी के साथ आरोपी का प्रेम संबंध सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती से शादी करना चाहता था और उसके पिता को अपने रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा मानता था।घटना 27 अप्रैल 2026 को सामने आई, जब प्रियांशु, पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम रानानगला, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर ने अपने पिता की हत्या की शिकायत दर्ज कराई। अज्ञात हमलावर द्वारा सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या किए जाने के मामले में कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में भेजा गया, जहां परिजनों ने पहचान की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच करते हुए पुलिस टीम ने कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर बैठे युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी पंकज कुमार ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। उसने बताया कि उसका मृतक की बेटी के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। युवती पहले से शादीशुदा थी, लेकिन आरोपी उसे तलाक दिलाकर अपने साथ जीवन बिताने की योजना बना रहा था। मृतक राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
26 अप्रैल की शाम आरोपी पंकज और छोटेलाल ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बौंगला अंडरपास के पास खेत में बुलाया। वहां दोनों ने हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी छोटेलाल को भी पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और मृतक दोनों सिडकुल क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस खुलासे के बाद पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है, जिसने एक ब्लाइंड मर्डर केस को महज 48 घंटे के भीतर सुलझा दिया।






