अवैध कॉलोनी पर एचआरडीए का बुलडोजर एक्शन,किसान संगठन की आड़ में चल रहा अवैध निर्माण सील

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

भगवानपुर के तेलपुरा-बुग्गावाला क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधु जोशी, रजत और अन्य लोगों द्वारा करीब 140 बीघा भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस संबंध में प्राधिकरण को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर एचआरडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें बड़े स्तर पर नियमों की अनदेखी सामने आई।


जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया। कॉलोनी में चार दुकानों का निर्माण कर उन पर एक किसान संगठन के प्रदेश कार्यालय का बोर्ड लगाया गया था। बताया जा रहा है कि इसी आड़ में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
प्राधिकरण ने कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, जिस पर सख्ती दिखाते हुए प्राधिकरण ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर दुकानों को सील कर दिया। इस दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या अव्यवस्था से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
साथ ही, अवैध प्लॉटिंग के लिए बनाई गई कच्ची सड़क पर पड़े रोड़े और पत्थरों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाकर एक तरफ कर दिया गया, ताकि आगे इस मार्ग का उपयोग अवैध गतिविधियों के लिए न किया जा सके।
एचआरडीए उपाध्यक्ष सोनिका ने स्पष्ट कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण पूरी तरह अवैध है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध कॉलोनियों और निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।
प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे नियमों का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।एचआरडीए उपाध्यक्ष सोनिका ने कहा कि तेलपुरा में बिना मानचित्र स्वीकृति के किया गया निर्माण पूरी तरह अवैध है। प्राधिकरण की अनुमति के बिना कॉलोनी विकसित करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध निर्माण करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
एई टी.एस. पंवार ने कहा कि तेलपुरा में बिना स्वीकृति के की जा रही प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध पाई गई है। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं रुका, इसलिए सीलिंग की कार्रवाई की गई। आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।इस मौके पर प्राधिकरण की टीम प्रखर,हिमांशू ,मोनू ,संजय सीनियर सुपरवाईज़र आदि मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!