November 5, 2026

रामपुर चुंगी पर मामूली कहासुनी के बाद युवक पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब एक दर्जन युवकों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों, रॉड और पत्थरों से युवक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक की लग्जरी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान हुई मारपीट और तोड़फोड़ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद साजिद पुत्र जिन्दा हसन निवासी ग्राम बलेलपुर पनियाला, चंदापुर, रुड़की, 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे दून पब्लिक स्कूल की तरफ से रामपुर चुंगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में साइड देने को लेकर कुछ युवकों के साथ उनकी मामूली कहासुनी हो गई। बताया गया कि विवाद के बाद साजिद अपने घर चले गए। आरोप है कि करीब दो घंटे बाद जब 7.30 बजे वह दोबारा वहां से गुजर रहे थे, तो एक दर्जन युवकों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों की संख्या करीब एक दर्जन या उससे अधिक थी। उनके हाथों में लाठी-डंडे, रॉड, पत्थर और धारदार हथियार थे। आरोप है कि हमलावरों ने साजिद की कार को चारों तरफ से निशाना बनाया और उसके शीशे तोड़कर वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए साजिद ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि हमलावरों ने उनका पीछा भी किया।

घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कई युवक दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने वकार पुत्र इकबाल निवासी रामपुर, अलकसीम पुत्र इकबाल और उवैश पुत्र इकबाल सहित कुछ अन्य लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

मो. तालिब ने उठाया अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का मुद्दा

परिजनों की ओर से मो. तालिब ने बताया कि परिवार की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। रास्ते में साइड देने को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन बाद में इस विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। उन्होंने कहा कि रामपुर चुंगी क्षेत्र में अतिक्रमण और भीड़भाड़ के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क किनारे ठेले लगने और दुकानों के बाहर मोटरसाइकिलें खड़ी रहने से रास्ता संकरा हो जाता है। ऐसे में वाहन लेकर निकलने वाले लोगों के बीच छोटी-छोटी बातों पर विवाद की स्थिति पैदा होती है।

मो. तालिब ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई गई है और आरोपियों के नाम भी तहरीर में दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही रामपुर चुंगी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

एसपी देहात ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा

एसपी देहात ने बताया कि रामपुर चुंगी पर मारपीट की घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गंगनहर कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!